भारत की प्राचीन पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में दूध के जितने गुण बताए गये हैं शायद ही किसी और चीज में इतने गुण हों। दूध के गुणों के कारण ही बच्चों को बेहतर मानसिक और शारीरिक विकास के लिए दूध पीने को कहा जाता है और ये सच भी है दूध पीने से कई तरह के माइक्रोन्यूट्रिएंट और मिनरल शरीर को मिलते हैं जो हड्डियों से लेकर बालों तक का ख्याल रखते हैं। इसी से दूध बनता है घी, घी में बहुत सारे हेल्दी फैट होते हैं। जब घी और दूध का मेल होता है तो एक ऐसा पेय बनता है जो कई तरह के स्वास्थ्य लाभ दे सकता है। सदियों से लोग बेहतर सेहत के लिए, दूध और घी के इस मेल का सेवन करते आ रहे हैं। आइए इसके फायदों के बारे में जानते हैं
दूध में घी मिलाकर पीने के फायदे - Ghee Milk Benefits In Hindi
पोषक तत्वों का अवशोषण
जब घी और दूध को मिलाया जाता है तो वो एक ऐसा मिश्रण बन जाता है जो शरीर में कई तरह के तत्वों को स्वीकारने की क्षमता को बढ़ा देता है। घी में ब्यूटिरिक एसिड होता है जो एक शॉर्ट-चेन फैटी एसिड है जो फैट में घुलने वाले विटामिन जैसे ए, डी, के, और ई के अवशोषण में मदद करता है। इन विटामिन से हड्डियों से लेकर त्वचा तक को फायदा मिलता है।
पाचन में सुधार
घी में पाए जाने वाला ब्यूटिरिक एसिड पेट की सतह को स्वस्थ रखता है। जिससे कई पाचन संबंधी समस्याओं से बचा जा सकता है। इंडियन जर्नल ऑफ मेडिकल रिसर्च में छपी एक स्टडी के मुताबिक ब्यूटिरिक एसिड से आंतों में अच्छे बैक्टीरिया की संख्या बढ़ती है जिससे कब्ज की समस्या भी खत्म होती है।
जोड़ों के दर्द में आराम
जोड़ों में अकड़न और दर्द से जूझ रहे लोगों के लिए दूध में एक चम्मच घी मिलाकर पीना बहुत लाभप्रद बताया गया है। इनमें ओमेगा 3 फैटी एसिड और लिनोलिक एसिड जैसे पदार्थ होते हैं जो सूजन को कम करने के लिए जाने जाते हैं। इससे जोड़ों की अकड़न और दर्द में राहत मिलती है।
त्वचा की चमक बरकरार
दूध और घी में कई सारे विटामिन होते हैं जो त्वचा की सेहत के लिए बहुत जरूरी होते हैं। ये सारे पोषक तत्व त्वचा की नमी को बनाए रखते हैं, उन्हें पोषण देते हैं और प्राकृतिक रूप से निखारते हैं। दूध और घी के सेवन से उम्र संबंधी त्वचा की समस्याओं से भी राहत मिल सकती है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
