हेल्थ

ब्यूटी ट्रीटमेंट की आड़ में सेहत से खिलवाड़ पर सरकार का बड़ा कदम, अब होगी कानूनी कार्रवाई

Beauty Treatment: ब्यूटी ट्रीटमेंट और कॉस्मेटिक प्रक्रियाओं के नाम पर इंजेक्शन लगाने वालों पर सरकार अब सख्ती करने जा रही है। जी हां ऐसा करने वालों को अब कानूनी कार्यवाही झेलनी होगी। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...

Image

कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट पर सरकार की सख्ती

Beauty Treatment: आज के दौर में सुंदर दिखने की चाह लोगों में तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में ग्लोइंग स्किन, एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट और इंस्टेंट ब्यूटी रिजल्ट्स के लिए लोग तरह-तरह के कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स और ब्यूटी ट्रीटमेंट का सहारा ले रहे हैं। लेकिन इसी बढ़ते ट्रेंड के साथ बाजार में कई ऐसे क्लीनिक और प्रोडक्ट्स भी सामने आए हैं, जो कॉस्मेटिक के नाम पर इंजेक्शन और गलत मेडिकल प्रक्रियाएं (Fake Cosmetic Treatment) कर रहे हैं। अब इस पर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। जी हां ऐसा करने वालों पर अब सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। आइए जानते हैं सरकार द्वारा जारी किए एक एक नोटिस के बारे में।

CDSCO की सख्त चेतावनी

भारत की दवा नियामक संस्था Central Drugs Standard Control Organisation (CDSCO) ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर साफ कर दिया है कि किसी भी कॉस्मेटिक प्रोडक्ट का इस्तेमाल इंजेक्शन के रूप में नहीं किया जा सकता है। संस्था ने स्पष्ट कहा है कि ऐसा करना कानून का उल्लंघन माना जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरकार का कहना है कि कॉस्मेटिक उत्पाद केवल शरीर की सफाई, त्वचा की देखभाल और बाहरी सुंदरता बढ़ाने के लिए बनाए जाते हैं। इन्हें किसी बीमारी के इलाज, स्किन थेरेपी या मेडिकल ट्रीटमेंट के रूप में उपयोग नहीं किया जा जाना चाहिए।

क्यों बढ़ी सरकार की चिंता?

बीते कुछ वर्षों में सोशल मीडिया और ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए कई ब्यूटी क्लीनिक इंस्टेंट ग्लो, स्किन व्हाइटनिंग इंजेक्शन, एंटी-एजिंग इंजेक्शन और बिना सर्जरी खूबसूरती जैसे दावे कर लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं सामने आए कई मामलों में बिना प्रशिक्षित लोग भी इंजेक्शन आधारित प्रक्रियाएं करते हुए पाए गए। जिससे सरकार को डर है कि इसका लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है।

एक्सपर्ट्स के अनुसार गलत तरीके से लगाए गए इंजेक्शन से एलर्जी, स्किन डैमेज, इंफेक्शन और शरीर के अन्य अंगों पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। यही वजह है कि सरकार ने इसके लिए काफी सख्त रुख अपना लिया है।

भ्रामक विज्ञापनों पर होगी कार्रवाई

CDSCO ने अपने नोटिस में यह भी कहा है कि कई कंपनियां अपने उत्पादों को लेकर बढ़ा-चढ़ाकर पेश करती हैं। जिसके लिए वह अक्सर भ्रामक दावे भी करती हैं। जिसमें लोगों को यह विश्वास दिलाया जाता है कि कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स मेडिकल ट्रीटमेंट की तरह काम करेंगे, जबकि ये वैज्ञानिक रूप से सही नहीं है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि झूठे विज्ञापन, गलत जानकारी वाले लेबल और ब्यूटी प्रोडक्ट्स में प्रतिबंधित पदार्थों का उपयोग पूरी तरह से गैरकानूनी है। यदि कोई ऐसा मामला सामने आता है, तो इसके लिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फेक ब्यूटी ट्रीटमेंट पर सरकार की सख्ती

फेक ब्यूटी ट्रीटमेंट पर सरकार की सख्ती

कॉस्मेटिक्स और मेडिकल ट्रीटमेंट अंतर समझें

आपको जान लेना चाहिए कि कॉस्मेटिक्स और मेडिकल ट्रीटमेंट दो अलग चीजें हैं। कॉस्मेटिक्स का उद्देश्य केवल बाहरी सुंदरता और साफ-सफाई बनाए रखना होता है, जबकि इंजेक्शन या मेडिकल प्रक्रियाएं शरीर के अंदरुनी सिस्टम पर प्रभाव डालती हैं। इसलिए किसी भी तरह का इंजेक्शन ट्रीटमेंट केवल प्रशिक्षित मेडिकल विशेषज्ञ की निगरानी में ही कराया जाना चाहिए।

लोगों से की गई खास अपील

हाल ही में जारी किए गए नोटिस में सरकार ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। जिसके मुताबिक अगर कहीं कॉस्मेटिक के नाम पर इंजेक्शन लगाए जा रहे हों या किसी तरह का गलत इलाज किया जा रहा हो, तो इसकी शिकायत तुरंत संबंधित अधिकारियों से करें।

सुंदरता से पहले जरूरी है सेफ्टी

ब्यूटी और स्किन केयर आज लाइफस्टाइल का अहम हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन सुंदर दिखने की चाह में सेहत से समझौता करना खतरनाक साबित हो सकता है। सरकार की यह कार्रवाई लोगों को जागरूक करने और ब्यूटी इंडस्ट्री में बढ़ रही अनियमितताओं पर रोक लगाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

शिकायत कहां करें?

अगर कहीं कॉस्मेटिक के नाम पर इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं या गलत तरीके से इलाज किया जा रहा है, तो इसकी शिकायत CDSCO को करें। इसके अलावा आप संस्था के आधिकारिक ईमेल- cosmetics@cdsco.nic.in पर भी अपनी शिकायत कर सकते हैं।

bhawana gupta
भावना किशोर author

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यू... और देखें

End of Article