Benefits Of Munakka And Figs: आपने अक्सर देखा होगा की पहलवान लोग अपने दिन की शुरुआत में सूखे मेवे और ड्राई फ्रूट्स जरूर खाते हैं। यह उनकी दैनिक डाइट का एक अहम हिस्सा है। इन्हें खाने से उन्हें दिनभर के लिए भरपूर एनर्जी मिलती है और ये शरीर की ताकत बढ़ाने में भी मदद करते हैं। यह उनके शरीर को लोहे जैसा मजबूत बनाने में भी मदद करते हैं। अंजीर पहलवानों का पसंदीदा ड्राई फ्रूट है, वहीं लोग सुबह मुनक्का खाना खूब पसंद करते हैं। ये दोनों ही सेहत के लिए बहुत लाभकारी होते हैं। सुबह के समय रातभर पानी में भीगे अंजीर और मुनक्का खाने से सेहत को कई फायदे मिल सकते हैं। जिन लोगों को शरीर में कमजोरी और दिनभर थकान महसूस होती है, उनके लिए ये रामबाण ड्राई फ्रूट हैं। सुबह खाली पेट मुनक्का और अंजीर खाने के फायदे जानने के लिए हमने क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और डायटीशियन गरिमा गोयल से बात की। इस लेख में हम आपको इसके बारे में विस्तार से बता रहे हैं।
भिगोए हुए मुनक्का और अंजीर खाने के फायदे - Benefits Of Anjeer And Munakka In Hindi
डायटीशियन गरिमा की मानें तो ये दोनों ही ड्राई फ्रूट्स डाइट्री फाइबर से भरपूर होते हैं। साथ ही, इनमें आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन, जिंक और मैग्नीशियम आदि के साथ-साथ जरूरी विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट्स गुण मौजूद होते हैं। रोज इन्हें खाने से कई फायदे मिल सकते हैं जैसे,
पाचन क्रिया दुरुस्त होगी
दोनों ही ड्राई फ्रूट फाइबर से भरपूर होते हैं। इन्हें खाने से आंतों में अच्छे बैक्टीरिया का संतुलन बना रहता है। ये आंतों की सूजन कम करते हैं और पेट से जुड़ी कई समस्याएं दूर करते हैं जैसे अपच, पेट में गैस, ब्लोटिंग और कब्ज आदि। ये डाइजेशन को मजबूत बनाते हैं।
भरपूर एनर्जी मिलेगी
सुबह इनका सेवन करने शरीर में ऊर्जा बढ़ेगी। यह ऊर्जा को लंबे समय तक बनाए रखने में भी मदद करते हैं। सुबह की थकान दूर करने और चुस्ती-फुर्ती लाने के लिए भी ये लाभकारी हैं। इन्हें खाने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और मस्तिष्क एक्टिव होता है।
बीमार होने से बचाए
जरूरी पोषण और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर ये ड्राई फ्रूट शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। यह आपको मौसमी, वायरल संक्रमण, सर्दी-जुकाम, बुखार आदि के चटेप में आने से बचाते हैं। सेहतमंद रहने के लिए इनका सेवन जरूर करें।
शरीर बनाए लोहे जैसा मजबूत
इन्हें खाने से शरीर में ताकत बढ़ती है। यह हड्डियों व मांसपेशियों को मजबूत बनाने और उनके बेहतर विकास में मदद करते हैं। अगर आप शारीरिक रूप से कमजोर हैं, तो रोज मुनक्का और अंजीर खाना शुरू कर दें। इससे शरीर में जबरदस्त ताकत देखने को मिलेगी।
खून की कमी से बचाए
आयरन से भरपूर मुनक्का खून की कमी को दूर करने में लाभकारी है। वहीं, अंजीर भी खून की कमी को रोकते हैं। जिन लोगों को एनीमिया की शिकायत रहती है, वे अपनी डाइट में इन ड्राइ फ्रूट्स को शामिल करके सेहतमंद रह सकते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
