Ghaziabad: भाई-बहन का पवित्र रिश्‍ता शर्मसार, तमंचे के बल पर ममेरे भाई ने किया दुष्कर्म, फिर भेजा अश्लील वीडियो

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 7, 2022, 10:58 PM IST

Ghaziabad News: गाजियाबाद में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को ही कलंकित करने का मामला सामने आया है। यहां के विजयनगर थाना क्षेत्र में ममेरे भाई ने अपनी ही बहन के साथ तमंचे के दम पर रेप किया। इसका वीडियो बनाकर भाई को भी भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ghaziabad: भाई-बहन का पवित्र रिश्‍ता शर्मसार, तमंचे के बल पर ममेरे भाई ने किया दुष्कर्म, फिर भेजा अश्लील वीडियो
Photo Credit: Representative Image

Ghaziabad News: विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार की एक कॉलोनी से दुष्‍कर्म का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को ही कलंकित कर दिया। यहां के एक युवक पर अपनी ही बुआ की बेटी के साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म कर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप लगा है। इस संबंध में पीड़ित युवती द्वारा आरोपी के खिलाफ शिकयात दर्ज करा दी गई है। पीड़िता ने बताया कि आरोपित ममेरे भाई ने दुष्‍कर्म के बाद उसके भाई को आपत्तिजनक वीडियो भी भेजा है।

विजयनगर थाना में युवती की तरफ से दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपित ममेरे भाई ने चार माह पूर्व घर में घुस कर तमंचे के बल पर उसके साथ जबरन रेप किया और इसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। आरोपी ने धमकी दे रखी थी कि किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर दूंगा। पीड़िता ने बताया कि इस धमकी की वजह से चुप रही, लेकिन आरोपी यही धमकी देकर अब लगातार उस पर निकाह करने का दबाव बना रहा है।

आरोपी ने भाई को भेजा वीडियो तो हुआ मामले का खुलासा

पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की बीते मार्च माह में मृत्यु हो गई थी। घर में बीमार मां और तीन भाई हैं। सभी भाई सुबह काम पर चले जाते हैं। इसका फायदा उठा कर आरोपी घर में घुस आया और उसके साथ रेप किया। पीड़िता ने कहा कि बीते 29 अगस्त को आरोपित फिर से घर पहुंचा और तमंचे के बल पर उसे बाइक पर बैठाकर प्रताप विहार के एक रेस्टोरेंट में ले गया। वहां पर आरोपी शादी के लिए दबाव बनाने लगा। पीड़िता ने जब शादी से इंकार कर दिया तो आरोपी ने रेस्टोरेंट में ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसकी गर्दन दबोच ली। इसके बाद आरोपित ने उसके भाई को बहन का अश्लील वीडियो भेज दिया। जिसके बाद पीड़िता ने अपने भाई को पूरी आपबीती सुनाई। फिर भाई के साथ थाने पहुंचकर पीड़िता ने शिकायत दी। विजयनगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्‍द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!