एक्सप्लेनर्स

आखिर कैसे एक के बाद एक पांच रूसी एयरबेस पर हमला कर गया यूक्रेन, जिसमें ध्वस्त हो गए 41 बॉम्बर; पढ़िए जेलेंस्की के सबसे खतरनाक मिशन की कहानी

यूक्रेन ने रूस के पांच एयरबेस को निशान बनाया है। यूक्रेन ने यह हमला रूस के अंदर से किया है। जिसके बाद से रूस की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ खड़े हुए हैं। अब सवाल ये है कि यूक्रेन इस मिशन को अंजाम दिया कैसे, रूस के अंदर कैसे घुसा? पढ़िए जेलेंस्की के सबसे खतरनाक मिशन की पूरी कहानी...!

Image

यूक्रेन का रूस पर सबसे बड़ा हमला

यूक्रेन के साथ जंग में अभी तक रूस बाजी मार रहा था, एक के बाद एक बड़े हमले, बड़ी तबाही मचा रहा था। पुतिन की सेना अपराजित, यूक्रेन को चोट पर चोट पहुंचा रही थी, लेकिन अब यूक्रेन ने ऐसा वार किया है, जिसकी चोट से पुतिन जरूर बौखला जाएंगे। यूक्रने रूस के कई हजार किलोमीटर अंदर तक घुसकर ड्रोन से हमला किया है, वो भी उसके सबसे सुरक्षित इलाकों में से एक उन एयरबेसों पर जहां, रूस के सबसे खतरनाक बॉम्बर खड़े रहते थे। रूस के 40 से अधिक बॉम्बर इस हमले में तबाह हो गए हैं।

रूस के अंदर से ही हमले को दिया गया अंजाम

अब सवाल ये है कि आखिर यूक्रेन के ड्रोन रूस के इतना अंदर घुसे कैसे? रूस का एयर डिफेंस सिस्टम कहां था? रूस, इस हमले को क्यों नहीं रोक पाया? इन सारे सवालों के जवाब हैं यूक्रेन की तैयारी में। यूक्रेन ने इस बार ड्रोन को सीमा के पार से नहीं भेजा, बल्कि रूस के अंदर से ही इस हमले को अंजाम दिया है। यूक्रेन का यह मिशन अपने हथियार से लैस ड्रोन को ट्रक के जरिए रूस में भेजना था और फिर हमले को अंजाम देना था, जिसमें वो सफल रहा है।

जेलेंस्की की देख रेख में अंजाम दिया गया मिशन

यूक्रेनी सुरक्षा अधिकारी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि एक यूक्रेनी ड्रोन हमले ने रूस के क्षेत्र में 40 से अधिक रूसी विमानों को नष्ट कर दिया है। इसी अधिकारी ने सारी प्लानिंग को भी शेयर किया है। अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बात करते हुए कहा कि हमले को अंजाम देने में डेढ़ साल से अधिक का समय लगा और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने व्यक्तिगत रूप से इसकी निगरानी की।

Zaleski

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की

रूस के अंदर कैसे पहुंच यूक्रेनी ड्रोन

इस मिशन को अंजाम देने के लिए ड्रोन को ट्रकों द्वारा रूसी क्षेत्र में बड़े कंटेनरों में ले जाया गया। ये ड्रोन से भरे कंटेनर आराम से रूस में ट्रैवल करते हुए उन एयरबेस के पास पहुंचे जहां हमला करना था। रूस को इस हमले का जरा भी इल्म नहीं था, एयरबेस के पास खड़े ट्रकों के कंटेनर से एक के बाद एक ये ड्रोन निकले और रूसी बमबर्षक को निशाना बनाने लगे। ड्रोन ने रविवार दोपहर को कई एयरबेसों पर तैनात 41 बमवर्षकों को निशाना बनाया, जिसमें रूस के इरकुत्स्क क्षेत्र में बेलाया एयर बेस भी शामिल है, जो यूक्रेन से 4,000 किलोमीटर (2,500 मील) से अधिक दूर है। स्थानीय गवर्नर इगोर कोबज़ेव ने कहा कि यह पहली बार है कि इस क्षेत्र में एक यूक्रेनी ड्रोन देखा गया है।

रूस ने माना हमला हुआ है

हमले के काफी देर बाद रूस ने इस ड्रोन अटैक को स्वीकार किया और कहा कि पांच एयरबेस पर हमला हुआ है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में हमलों की पुष्टि की, जिसमें पांच हवाई क्षेत्र शामिल थे। बयान में कहा गया है कि एफपीवी ड्रोन ने इरकुत्स्क और रूस के उत्तरी मरमंस्क में एयरबेस पर विमानों को नुकसान पहुंचाया है। स के सुदूर पूर्व में अमूर क्षेत्र और इवानोवो और रियाज़ान के पश्चिमी क्षेत्रों में हमलों को विफल कर दिया गया।

ukraine attack

रूस पर हमले की तैयारी के दौरान यूक्रेनी सैन्य अधिकारी

रूस भी नहीं है शांत

यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि रूस ने रविवार को फरवरी 2022 में पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद से यूक्रेन पर सबसे बड़ी संख्या में ड्रोन - 472 - लॉन्च किए। वायु सेना के संचार प्रमुख यूरी इग्नाट ने कहा कि रूसी सेना ने ड्रोन के साथ-साथ सात मिसाइलें भी लॉन्च कीं। इससे पहले रविवार को, यूक्रेन की सेना ने कहा कि सेना के प्रशिक्षण इकाई पर रूसी मिसाइल हमले में कम से कम 12 यूक्रेनी सेवा सदस्य मारे गए और 60 से अधिक घायल हो गए। बयान में कहा गया कि हमला दोपहर 12:50 बजे हुआ, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया कि उस समय कर्मियों का कोई गठन या सामूहिक जमावड़ा नहीं हो रहा था। यूक्रेनी सेना के कमांडर मायखाइलो ड्रापाती ने हमले के बाद रविवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

यूक्रेन के अंदर घुसते जा रहा है रूस

रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि उसने यूक्रेन के उत्तरी सुमी क्षेत्र में ओलेक्सिवका गांव पर नियंत्रण कर लिया है। वहीं सुमी में यूक्रेनी अधिकारियों ने शनिवार को 11 और बस्तियों में अनिवार्य निकासी का आदेश दिया, क्योंकि रूसी सेना क्षेत्र में लगातार बढ़त हासिल कर रही है।

putin

रूसी राष्ट्रपति पुतिन

पुतिन लेंगे बदला?

यूक्रेन के इस ड्रोन हमले के बाद पुतिन और खफा होंगे, ये तो तय है। इस हमले से उस शांति वार्ता पर असर पड़ सकता है जो तुर्की में दोनों देशों के बीच होने वाली है। पुतिन, शांति के पक्ष में तो हैं, लेकिन हमले वो तेज ही करते दिख रहे हैं। पुतिन के रवैये को देखकर शांति की कोशिशों में जुटे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भड़क भी चुके हैं। पुतिन को चेतावनी भी दी थी कि पुतिन आग से खेल रहे हैं। अब जिस तरह से यूक्रेन ने हमला किया है, उसमें अमेरिकी और यूरोपीय सपोर्ट की रिपोर्ट्स भी आ रही हैं, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पुतिन इस हमले पर कैसे रिएक्ट करेंगे, कहना मुश्किल है। हालांकि पुतिन, यूक्रेन के सामने झुकेंगे? ये मुश्किल ही दिख रहा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article