Bigg Boss 19 Gauahar Khan Bashes Awez Darbar And Amaal Mallik: सलमान खान के धमाकेदार शो 'बिग बॉस 19' ने छोटे पर्दे पर तूफान मचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 'बिग बॉस 19' में आज वीकेंड का वार आएगा, जिसमें सलमान खान के साथ-साथ कई बड़े सितारे भी मनोरंजन का तड़का लगाते नजर आएंगे। 'बिग बॉस 19' में अभिषेक मल्हान और हर्ष गुजराल के कदम रखने की तो खबर आई ही थी। साथ ही बताया जा रहा है कि शो में गौहर खान भी एंट्री लेंगी। उनसे जुड़ा 'बिग बॉस 19' (Bigg Boss 19) का प्रोमो वीडियो भी मेकर्स ने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें गौहर खान ने आवेज दरबार की गेम की तो क्लास लगाई ही। साथ ही घरवालों के सामने अमाल मलिक की पोल खोलने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी है।
'बिग बॉस 19' (Bigg Boss 19) के प्रोमो वीडियो में नजर आया कि आवेज दरबार से सलमान खान कहते हैं कि मैं तुम्हारी तभी मदद कर सकता हूं, जब तुम खुद की मदद करोगे। जिस तरह से आप पूरे सप्ताह अपने मुद्दे पर कुछ नहीं बोले, उसी तरह से मैं भी कुछ नहीं बोलूंगा। इसी बीच 'बिग बॉस 7' की विजेता गौहर खान की वहां एंट्री होती है, जो आवेज दरबार को आड़े हाथों लेने से पीछे नहीं हटतीं। उन्होंने आवेज दरबार से कहा, "आपको यहां पर क्या हो रहा है आवेज, अगर आप अपनी लड़ाई खुद नहीं लड़ेंगे तो कौन लड़ेगा। आप उन मुद्दों पर चुप हो जहां आपको असल में बोलना चाहिए। अगर तुम खो गए हो तो यहां इस शो पर आपका कोई चांस नहीं है।" गौहर खान यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने अमाल मलिक को भी आड़े हाथों लिया।
'बिग बॉस 19' (Bigg Boss 19) में गौहर खान ने अमाल मलिक पर निशाना साधते हुए कहा, "अमाल आपका जो किरदार आ रहा है वो बहुत 'दोगला' आ रहा है और आप किसी के भी नहीं हैं।" बता दें कि गौहर खान पहले भी वीडियो शेयर कर अमाल मलिक को लताड़ चुकी हैं। उन्होंने अमाल मलिक की गंदी भाषा को लेकर उनपर तंज कसा था।
