Bhabhi Ji Ghar Par Hai To Shift On OTT: टीवी के पॉपुलर सीरियल 'भाभी जी घर पर हैं' ने लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 'भाभी जी घर पर हैं' बीते 11 सालों से लोगों के दिलों-दिमाग पर छाया हुआ है। शो में आसिफ शेख, रोहिताश गौड़, शिल्पा शिंदे और विदिशा श्रीवास्तव लोगों का खूब मनोरंजन कर रहे हैं। लेकिन अब 'भाभी जी घर पर हैं' को लेकर बड़ी खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि 11 सालों बाद टीवी से इस सीरियल का पत्ता कटने वाला है। इस खबर ने 'भाभी जी घर पर हैं' के फैंस को भी हैरान कर दिया है। लेकिन इस खबर में भी एक दिलचस्प ट्विस्ट है, जिससे दर्शकों को कुछ राहत जरूर मिलेगी।
दरअसल, 'भाभी जी घर पर हैं' (Bhabhi Ji Ghar Par Hai) को टीवी पर भले ही बंद किया जा रहा है। लेकिन ये सीरियल ओटीटी पर जारी रहेगा। खबरों की मानें तो ये शो जी5 पर जारी रहेगा, लेकिन टीवी पर इसका मामला खत्म हो जाएगा। इस बात की पुष्टि खुद अंगूरी भाभी यानी शिल्पा शिंदे (Shilpa Shinde) ने की है। शिल्पा शिंदे ने इस बारे में बात करते हुए ई-टाइम्स से कहा, "ये सच है कि 'भाभी जी घर पर हैं' जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर चला जाएगा। शो सीमित फॉर्मैट में ओटीटी पर उपलब्ध होगा और ये सीजन दर सीजन लगातार चलता जाएगा। ये चैनल का प्रमुख शो है, लेकिन कहीं न कहीं जनता अभी तक इससे पूरी तरह अवगत नहीं है। यहां तक कि मैं दिसंबर में ही शो में वापसी कर चुकी हूं। लेकिन लोग अभी भी सोशल मीडिया पर कहते हैं कि हम आपको भाभी जी में दोबारा देखना चाहते हैं। इससे साफ है कि लोग इससे जागरूक नहीं हैं कि मैं सीरियल में लौट चुकी हूं। लंबे वक्त से इसकी चर्चा चल रही थी, लेकिन इस बात की खुशी है कि हमारा शो दूसरे प्लेटफॉर्म पर जारी रहेगा। ये नई पीढ़ी शो को मोबाइल फोन पर देखती है।"
शिल्पा शिंदे (Shilpa Shinde) ने बताया कि मेकर्स 'भाभी जी घर पर हैं' (Bhabhi Ji Ghar Par Hai) के असल सार की ओर दोबारा जाने की कोशिश कर रहे हैं। एक्ट्रेस ने कहा, "दर्शकों ने ओरिजिनल कॉन्सेप्ट को खूब पसंद किया था, जो दो कपल के इर्द-गिर्द घूमता था। वे एक-दूजे के आस-पास रहते थे और एक-दूसरे के घर में 'ताका-झाकी' करते रहते थे। जब मैं लौटी तो ये कॉन्सेप्ट ही गायब था क्योंकि स्क्रिप्ट बदल चुकी थी। घूंघट गंज ट्रैक खत्म कर दिया गया है और मेकर्स पुराने कॉन्सेप्ट पर लौटने की योजना बना रहे हैं। जो कि शो का फ्लेवर था। मैं भी इस नई डेवलपमेंट का इंतजार कर रही हूं।"
