बंद होने जा रहा है पॉपुलर शो ‘तेनाली रामा’, मनी का किरदार वाले एक्‍टर बोले- इस सफर का खत्‍म होना दुखद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 8, 2020, 10:48 AM IST

Tenali Rama to go off air on November 13 : सब टीवी का पॉपुलर शो तेनाली रामा खत्‍म होने जा रहा है। अगले महीने 13 नवंबर से यह शो बंद हो जाएगा। तेनाली रामा के एक्‍टर्स इस सफर के खत्‍म होने से निराश हैं।

बंद होने जा रहा है पॉपुलर शो ‘तेनाली रामा’, मनी का किरदार वाले एक्‍टर बोले- इस सफर का खत्‍म होना दुखद

Tenali Rama to go off air on November 13 : सब टीवी का पॉपुलर शो तेनाली रामा खत्‍म होने जा रहा है। अगले महीने 13 नवंबर से यह शो बंद हो जाएगा। इस खबर की पुष्टि खुद लीड कृष्णा भारद्वाज और मनी का किरदार निभाने वाले सोहित विजय सोनी ने की है। तेनाली रामा के एक्‍टर्स इस सफर के अचानक खत्‍म होने से निराश हैं। सूत्रों की मानें तो टीआरपी इस शो के बंद होने की अहम वजह है। बीते कुछ महीनों से यह शो टीआरपी की लिस्‍ट में अच्‍छे स्‍थान पर नहीं है।

शो के बंद होने पर तेनाली का किरदार निभाने वाले कृष्णा भारद्वाज कहते हैं- 'शो खत्म हो रहा है। तेनाली रामा के किरदार को मैंने सचमुच जीया है और खुद को इस हद तक ढाल लिया है कि मैं भूल गया हूं कि मैं कैसे रहा करता था।' कृष्‍णा भारद्वाज अब शो के खत्‍म होने के बाद छह महीने का ब्रेक लेंगे। ब्रेक के दौरान वो अपने लुक्स और बॉडी पर काम करेंगे। इस शो में तेनाली बिना बाल के नजर आते थे, ऐसे में अगले किसी प्रोजेक्‍ट के ल‍िए उन्‍हें अपने बाल उगाने होंगे।

'मुंबई में रहने का बहाना खत्‍म हो गया'

फरीदाबाद के रहने वाले एक्‍टर सोहित विजय सोनी भी शो के अचानक बंद होने की खबर से निराश हैं। टाइम्‍स नाऊ हिंदी से विशेष बातचीत में उन्‍होंने कहा- तेनाली शो जा रहा है लेकिन दिल से कभी नहीं जाएगा। इतनी जल्‍दी इस शो के खत्‍म होने का अंदाजा नहीं था। इस शो ने मुझे एक मुकाम दिया, मुंबई में पैर जमाने की हिम्‍मत दी और एक ऐसा दस्‍तावेज तैयार हुआ है कि जब जब तेनाली का नाम आएगा तो हमारा नाम आएगा'

'तेनाली की वजह से मिली मुंबई में रहने की जगह'

सोहित विजय सोनी आगे कहते हैं कि इससे पहले वह भाबीजी घर पर हैं शो के लिए मुंबई आते थे और अपने शॉट देकर फरीदाबाद चले जाते थे। लेकिन जब तेनाली में मनी का किरदार मिला तो मुंबई में रहने की जगह बनी और यहां पर्मानेंट ठिकाना हुआ। इस शो की वजह से मैं अपने माता-पिता को मुंबई घुमा सका। इस शो की वजह से मैं इस काबिल हुआ कि अपनी इच्‍छाएं पूरी कर सकूं और कुछ भी खरीद पाऊं। अपने किरदार से मुझे बेहद प्‍यार है क्‍योंकि मैं इसमें ढल चुका हूं। 

End of Article