Raju Srivastava Health Update: कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की तबीयत को लेकर आए दिन कई अपडेट्स आते रहते हैं। ऐसे में हर कोई यह प्रार्थना कर रहा है कि वह जल्द ठीक हो जाएं और एक बार फिर अपने जोक्स और पंच लाइंस से दर्शकों को हंसाने और गुदगुदाने लगें। हाल ही में यह खबरें आ रही थीं कि राजू श्रीवास्तव ने अपनी आंखें खोल ली हैं और उन्होंने अपनी पत्नी शिखा से बात करने की कोशिश की है। ऐसे में राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा ने अब खुद सामने आकर लोगों को राजू श्रीवास्तव की तबीयत के बारे में जानकारी दी है। राजू श्रीवास्तव का हेल्थ अपडेट देने के साथ उन्होंने लोगों से प्रार्थना करने के लिए भी अनुरोध किया है।
बीते सोमवार को यह खबरें आ रही थीं कि राजू श्रीवास्तव के हाथ और पैर में हरकत दिख रही है। उन्होंने अपनी आंखें भी खोल ली हैं और वह अपनी पत्नी शिखा से बात करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में अब उनकी पत्नी ने कॉमेडियन की तबीयत को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है। बाॅम्बे टाइम्स से बात करते हुए राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा ने कहा 'मैं सिर्फ इतना कह सकती हूं कि उनकी हालत अभी स्थिर है और वह अभी भी वेंटिलेटर पर हैं। मेडिकल टीम अपनी पूरी कोशिश कर रही है और हम सब सिर्फ आपकी प्रार्थना चाहते हैं, ताकि वह जल्दी से ठीक हो जाएं और हमारे पास वापस आ जाएं।'

10 अगस्त को राजू श्रीवास्तव को दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती करवाया गया था। कुछ दिनों तक उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। जिसके बाद यह खबर आ रही थी कि राजू श्रीवास्तव को इंफेक्शन हो गया था, तब से सिर्फ उनकी पत्नी शिखा ही उनसे मिल पा रही हैं। राजू श्रीवास्तव के चीफ एडवाइजर अजीत सक्सेना ने यह अपडेट दिया था कि राजू श्रीवास्तव की तबीयत में सुधार आ रही है।

