इंडियाज गॉट टैलेंट-9 के विनर बने दिव्यांश और मनुराज, जानें जीत के बाद किसे क्या मिला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 18, 2022, 08:44 AM IST

IGT 9 Winners: टीवी रिएलिटी शो इंडियाज गॉट टैलेंट 9 के विनर बने दिव्यांश कचोलिया और मनुराज सिंह राजपूत। दोनों की जोड़ी शो में ही बनी थी। जानें जीत के बाद किसे क्या मिला।

इंडियाज गॉट टैलेंट-9 के विनर बने दिव्यांश और मनुराज, जानें जीत के बाद किसे क्या मिला

India's Got Talent 9 Winner: रिएलिटी शो इंडियाज गॉट टैलेंट 9 (India's Got Talent) को अपना विजेता मिल गया। शो में इस सीजन के विनर रहे दिव्यांश कचोलिया और मनुराज सिंह राजपूत। दोनों की जीत अपने आप में बड़ा उदाहरण है क्योंकि उनकी जोड़ी शो में ही बनी थी। शो में दोनों की जोड़ी कमाल की रही। जयपुर और भरतपुर की बीटबॉक्सिंग और बांसुरी वादक की इस जोड़ी ने शो के दौरान कई लोगों के दिल जीते। शो में पहली बार हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत और पश्चिमी संगीत की कमाल जुगलबंदी देखने को मिली। 

विनर्स को क्या मिला?

आईजीटी-9 की ट्रॉफी अपने नाम करने वाले दिव्यांश और मनुराज को 20 लाख रुपये प्राइज मनी मिली है। इसी के साथ उनको एक-एक वैगन-आर भी दी गई है। वहीं सिंगर इशिता विश्वकर्मा फर्स्ट रनरअप रहीं जिन्हें 5 लाख रुपये मिले। शो में इशिता को छोटी लता मंगेशकर कहा जाता था। शो के सेकंड रनरअप रहे दिल्ली के बॉम्ब फायर क्रू, उनकी टीम को भी 5 लाख रुपये दिए गए।

शो में बनी थी जोड़ी

मालूम हो कि शो में दिव्यांश और मनुराज हिस्सा लेने अलग- अलग आए थे लेकिन बाद में दोनों ने साथ मिलकर एक जोड़ी की तरह परफॉर्म करने का फैसला किया और इसके बाद दोनों की जोड़ी इतनी जबरदस्त साबित हुई कि इन्होंने एक नहीं बल्कि कई बार जजों की दिल जीता। दोनों की जोड़ी फुल एंटरटेनमेंट साबित हुई जहां दर्शकों को बांसुरी के साथ- साथ वेस्टर्न म्यूजिक भी सुनने को मिला। बता दें कि मनुराज बांसुरी बजाते हैं जबकि दिव्यांश बीटबॉक्सिंग में माहिर हैं।

रोहित शेट्टी ने दिया था ये ऑफर

रोहित शेट्टी शो में गेस्ट बनकर आए थे और इस दौरान दिव्यांश और मनुराज की परफॉर्मेंस से बहुत प्रभावित हुए। दोनों ने फिल्म डॉन का बैकग्राउंड थीम पर इंस्ट्रुमेंटल कवर पेश किया जिसने रोहित का दिल जीत लिया। रोहित ने कहा कि वो इस परफॉर्मेंस की फुटेज को अपनी कार में लूप पर सुनेंगे। रोहित ने उन्हें अपने डायरेक्शन में बन रही फिल्म सर्कस के  बैकग्राउंड थीम म्यूजिक पर काम करने का ऑफर दिया। 

रोहित ने कहा था 'रब ने बना दी जोड़ी'

इंडियाज गॉट टैलेंट 9 में मनुराज और दिव्यांश की परफॉर्मेंस देखने के बाद रोहित शेट्टी उनकी तारीफ करते हुए कहा था कि ये तो 'रब ने बना दी जोड़ी' वाला हिसाब है. ये भगवान का इशारा है। आप दोनों आगे चल कर साथ में काम कर सकते हैं। बता दें कि इस शो को किरण खेर, शिल्पा शेट्टी, बादशाह और मनोज मुंतशिर जज कर रहे थे। जबकि एक्टर अर्जुन बिजलानी शो के होस्ट रहे। 

End of Article