Ashiesh Roy Health: जिंदगी की जंग लड़ रहे एक्टर आशीष रॉय को नहीं मिली मदद, सलमान खान से आखिरी उम्मीद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 23, 2020, 07:05 AM IST

Ashiesh Roy Sasural Simar Ka: टीवी एक्टर आशीष रॉय पिछले कई वक्त से आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। आशीष ने सोशल मीडिया पर मदद की गुहार भी लगाई है। अब उनकी आखिरी उम्मीद सलमान खान से हैं।

Ashiesh Roy Health: जिंदगी की जंग लड़ रहे एक्टर आशीष रॉय को नहीं मिली मदद, सलमान खान से आखिरी उम्मीद

मुंबई. यस बॉस, ससुराल सिमर का जैसे टीवी सीरियल में काम कर चुके एक्टर आशीष रॉय इन दिनों आईसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। आशीष की आर्थिक हालत भी काफी खराब है। वह अपने फेसबुक अकाउंट पर लगातार मदद की गुहार लगा रहे हैं। अब उनकी उम्मीद सलमान खान पर टिकी हुई है। 

Spotboye से बातचीत में आशीष रॉय ने कहा- 'मेरा डायलिसिस अभी भी चल रहा है। मेरी सेहत में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है। अभी भी शरीर में ढेर सारा पानी जमा हुआ है। मुझे नहीं पता कि मुझे कब तक यहां रहना पड़े। हॉस्पिटल का बिल लगातार बढ़ रहा है।' 

आशीष कहते हैं- 'मैंने अपने बैंक अकाउंट की डिटेल्स सोशल मीडिया पर शेयर की थी। मुझे कोई बड़ी मदद नहीं मिली है। मेरा दोस्त सूरत थापर अपनी तरफ से सारी व्यवस्था कर रहा है, लेकिन लॉकडाउन के कारण उसके भी हाथ बंधे हुए हैं।' 

सलमान खान से है आखिरी उम्मीद 
आशीष ने कहा- 'अब मेरी उम्मीद केवल सलमान खान से है। मैं उनसे या उनके फाउंडेशन Being Human से संपर्क करने की कोशिश कर रहा हूं। मेरा दोस्त सूरज सलमान खान के साथ काम कर चुका है।'

अपने परिवार के बारे में आशीष ने बताया कि- 'मेरी केवल एक बहन है, जिसकी शादी हो गई है और वह कोलकाता में रह रही हैं। हालांकि, लॉकडाउन और तूफान के कारण वह नहीं आ सकती है। मुझे नहीं पता कि मेरी किस्मत में क्या लिखा है।' 

ये लिखा था फेसबुक पोस्ट में
आशीष रॉय ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि मैं बहुत बीमार हूं और आईसीयू में भर्ती हूं। इलाज के लिए जल्द से जल्द आपसे मदद के तौर पर पैसों की जरूरत है। विंटा नंदा, टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन यहां तक कि ससुराल सिमर का की को-स्टार्स ज्योत्सना चंडोला ने भी उन्हें मदद की पेशकश की है।

54 साल के आशीष रॉय को साल 2019 में पैरालिसिस हुआ था। इसके बाद से उन्हें काम मिलना बंद हो गया था। उनकी दोनों किडनियां भी खराब हो चुकी हैं। ऐसे में उनके शरीर में पानी भर गया और पैरों में सूजन आ गई है। 
 

End of Article