Ram Charan Video: साउथ सुपरस्टार राम चरण और उपासना ने फैंस को गुड न्यूज दिया है। राम चरण और बहू उपासना ने जुड़वा बच्चों का स्वागत किया है। इस बात से सभी लोग काफी ज्यादा खुश हैं। राम चरण ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, ' हम बहुत खुश हैं कि हमें एक बेटा और एक बेटी का आशीर्वाद मिला है। हमारे घर में अब दो बेटियां और एक बेटा है, जिससे हमें अपार खुशी और कृतज्ञता महसूस हो रही है। हमारी जिंदगी में मौजूद महिलाएं हमारी सबसे बड़ी ताकत रही हैं। हम अपने सभी फैंस, परिवार और शुभचिंतकों का दिल से शुक्रिया अदा करते हैं, जिन्होंने हर पल हमारे साथ खड़े रहकर हमें सहारा दिया और प्यार दिया। आप सबके आशीर्वाद और सपोर्ट के बिना यह खुशी का पल संभव नहीं होता। धन्यवाद!' इस बीच एक वीडियो सामने आया है, जो कि इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भीड़ में फंसे राम चरण
साउथ सुपरस्टार राम चरण को हाल ही में जुड़वां बच्चे हुए हैं। रविवार सुबह वे अपनी 2 साल की बेटी क्लिन कारा को लेकर हैदराबाद के अपोलो हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उनके नवजात बच्चे भर्ती थे। लेकिन यह खुशी का पल अचानक डरावना हो गया, जब अस्पताल के बाहर भारी भीड़ ने उन्हें घेर लिया। राम चरण अपनी बेटी को गोद में लिए हुए थे, लेकिन फैंस इतने बेकाबू हो गए कि सिक्योरिटी के बावजूद उन्हें धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा। राम चरण गुस्से और परेशानी में दिखे, लेकिन उन्होंने बेटी को सुरक्षित रखा और किसी तरह भीड़ से निकल गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिससे फैंस की सुरक्षा और प्राइवेसी पर सवाल उठ रहे हैं।
चिरंजीवी ने दी खुशखबरी
साउथ के सुपरस्टार चिरंजीवी ने सबसे पहले ये खुशखबरी दी थी। उन्होंने इंस्टा पर लिखा, 'मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि राम चरण और उपासना को जुड़वां बच्चे हुए हैं। एक लड़का और एक लड़की। दोनों बच्चे और मां स्वस्थ हैं। इन नन्हे-मुन्नों का हमारे परिवार में स्वागत करना हमारे लिए दादा-दादी के तौर पर बहुत खुशी और आशीर्वाद का पल है। हम सभी को उनकी प्रार्थनाओं, प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए दिल से धन्यवाद देते हैं - चिरंजीवी और सुरेखा।'
