मेगास्टार चिरंजीवी ने साउथ सिनेमा को कई बेहतरीन फिल्में दी है। चिरंजीवी की फैन फॉलोइंग भी काफी ज्यादा तगड़ी है। हाल ही में एक्टर ने अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। हाल ही में आई रिपोर्ट के अनुसार एक्टर को ब्रिटिश सरकार से ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ मिला है। चिरंजीवी ऐसा करने वाले पहले भारतीय भी बने हैं। अब एक्टर को सभी खास तरीके से बधाई भी दे रहे हैं। यह पुरस्कार अभिनेता को सिनेमा, सार्वजनिक सेवा और परोपकार में उनके योगदान के लिए दिया गया।
चिरंजीवी के भाई और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने सोशल मीडिया पर चिरंजीवी की सफलता का जश्न मनाते हुए एक भावुक पोस्ट लिखा है। पवन कल्याण ने पुरानी यादों को याद करते हुए बताया कि कैसे उनके बड़े भाई चिरंजीवी हमेशा उनके लिए पिता की तरह रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें चिरंजीवी के भाई के रूप में जन्म लेने पर बहुत गर्व है। साल 2024 में चिरंजीवी को भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया था। इसी साल अभिनेता का नाम 537 गानों और 156 फिल्मों में 24,000 डांस स्टेप्स के साथ सबसे सफल एक्टर और डांसर के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ।
चिरंजीवी गारू मेरे जीवन के हीरो हैं
पवन कल्याण ने कहा-"मुझे हमेशा इस बात पर गर्व रहेगा कि मैं उनका छोटा भाई हूं। मैं चिरंजीवी गारू को बड़े भाई से ज्यादा पिता की तरह मानता हूं। वह वो इंसान हैं, जिन्होंने मुझे उस समय रास्ता दिखाया जब मैं उलझन में था और मुझे नहीं पता था कि जीवन में क्या करना है। मेरे बड़े भाई चिरंजीवी गारू मेरे जीवन के हीरो हैं।"
इस फिल्म में नजर आएंगे एक्टर
चिरंजीवी जल्द ही फिल्म विश्वम्भर में नजर आने वाले हैं। फैंस इस फिल्म का बेस्रबी से इतंजार कर रहे हैं। दूसरी ओर चिरंजीवी के भाई पवन कल्याण फिल्मों के साथ-साथ राजनीति में एक्टिव हो गए हैं। पवन कल्याण जल्द ही हरि हर वीरा मल्लू में नजर आने वाले हैं।
