War 2 Box office Day 7: अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म 'वॉर 2' (War 2) 14 अगस्त के दिन रिलीज हुई थी। इस मूवी की बड़े परदे पर रजनीकांत की गैंगस्टर ड्रामा 'कुली' से भिड़ंत देखने को मिली। इस बड़े क्लैश के बाद भी दोनों ही फिल्मों ने ओपनिंग वीकेंड में शानदार कमाई की। 'वॉर 2' ने पहले दिन 52.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं दूसरी ओर 'कुली' (Coolie) 65 करोड़ रुपये कमाने में सफल रही थी। हैरानी की बात यह है कि वीकेंड पर अच्छी कमाई करने के बाद वीक डेज में 'वॉर 2' की कमाई में भारी गिरावट देखी गई। इस मूवी के 7वें दिन के कलेक्शन ने मेकर्स को निराश कर दिया है।
200 करोड़ी नहीं बन पाई 'वॉर 2'
निर्माताओं ने साउथ से लेकर नार्थ की ऑडियंस को टारगेट करते हुए 'वॉर 2' में ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर को कास्ट किया था। शुरुआती वीकेंड देखें तो 'वॉर 2' को जबरदस्त फायदा भी हुआ लेकिन अब धीरे-धीरे फिल्म की कमाई में गिरावट ही देखने को मिल रही है। अब जो ट्रेड रिपोर्ट्स सामने आई हैं उनके मुताबिक बुधवार के दिन फिल्म 'वॉर 2' ने 3.49 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। यह मूवी एक हफ्ते के अंदर 196.99 करोड़ रुपये अपने नाम कर चुकी है।
आदित्य चोपड़ा के बैनर तले बनी 'वॉर 2' में कियारा आडवाणी भी अहम रोल में मौजूद हैं। इस मूवी कियारा आडवाणी को ऋतिक रोशन के अपोजिट कास्ट किया गया। फिल्म में दोनों की रोमांटिक जोड़ी ऑनस्क्रीन देखकर लोगों को काफी पसंद भी आई है। 'वॉर 2' को बनाने में 400 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।
