Akshay Kumar in Vedat Marathe Veer Daudle Saat: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने अपनी पहली मराठी फिल्म 'वेडात मराठे वीर दौड़ले सात' (Vedat Marathe Veer Daudle Saat) की शूटिंग शुरू कर दी है। इस बात की जानकारी खुद अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से दी है। अभिनेता ने छत्रपति शिवाजी महाराज की फोटो के सामने हाथ जोड़ते हुए एक तस्वीर साझा की है। अक्षय कुमार की इस अंदाज में देख अभिनेता के फैन्स खुशी से झूम उठे हैं।
अक्षय कुमार ने फोटो साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, 'आज मराठी फिल्म 'वेडात मराठे वीर दौड़ले सात' की शूटिंग शुरू कर रहा हूं, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज जी की भूमिका कर पाना मेरे लिये सौभाग्य है। मैं उनके जीवन से प्रेरणा लेकर और मां जिजाऊ के आशीर्वाद से मेरा पूरा प्रयास करुंगा! आशीर्वाद बनाए रखिएगा।' बता दें इस फिल्म में अक्षय कुमार छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में उन्हें बड़े परदे पर इस किरदार में देखना फैन्स के लिए बड़ा गिफ्ट होगा। इसी फिल्म से अक्षय कुमार बॉलीवुड इंडस्ट्री में धमाल मचाने के बाद मराठी सिनेमा में भी कदम रखने जा रहे हैं। फैन्स को उम्मीद हैं कि अक्षय कुमार का ये मराठी डेब्यू सफल रहेगा।
अक्षय कुमार के अलावा 'वेडात मराठे वीर दौड़ले सात' में जय दुधाने, उत्कर्ष शिंदे, विशाल निकम, विराट मडके, हार्दिक जोशी, सत्या, नवाब खान और प्रवीण तारडे जैसे कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ये फिल्म अगले साल दिवाली के खास मौके पर रिलीज की जा सकती है। फिल्म को मराठी के साथ-साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु में भी रिलीज किया जाएगा। वैसे आप अक्षय कुमार के मराठी डेब्यू के लिए कितने उत्साहित हैं? इस बारे में आप अपनी राय हमें कमेंट्स के जरिए भी दे सकते हैं।
