बॉलीवुड

Times Music ने संगीत की दुनिया में रखा मील का पत्थर, Symphony Recording और ARC Musicq की खरीदारी का किया ऐलान

  • Authored by: अभय
  • Updated Mar 18, 2025, 11:00 AM IST

टाइम्स म्यूजिक (Times Music) ने संगीत की दुनिया में एक कदम और बढ़ाते हुए सिम्फनी रिकॉर्डिंग कंपनी (Symphony Recording Co.) और एआरसी म्यूजिक (Arc Musicq) की खरीदारी की घोषणा की है। इस खबर के सामने आने के बाद इसके बारे में इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री में खूब चर्चा हो रही है।

Image

Times Music

टाइम्स म्यूजिक ने दो बड़ी भारतीय क्षेत्रीय रिकॉर्ड लेबल्स सिम्फनी रिकॉर्डिंग कंपनी (Symphony Recording Co.) और एआरसी म्यूजिक (Arc Musicq) को खरीदने का ऐलान कर दिया है। साल 2023 में हुई प्राइमरी वेव म्यूजिक के साथ साझेदारी के बाद टाइम्स म्यूजिक के लिए यह पहली बड़ी खरीदारी है। आपको बता दें कि प्राइमरी वेव म्यूजिक दुनिया की सबसे बड़ी इंडिपेंडेंट म्यूजिक प्रकाशन कंपनियों में से एक है, जिसने टाइम्स म्यूजिक में बड़ा निवेश किया था। सिम्फनी और एआरसी दोनों ही टाइम्स म्यूजिक के लिए काफी फायदेमंद होने वाले हैं क्योकिं ये लेबल्स इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान रखते हैं।

सिम्फनी रिकॉर्डिंग कंपनी की शुरुआत साल 1983 में एक म्यूजिक स्टोर से हुई थी और अब यह साउथ इंडिया की सबसे बड़ी भक्ति संगीत कंपनी बन गई है। सिम्फनी रिकॉर्डिंग कंपनी के पास 350 से ज्यादा ऑडियो और 100 वीडियो एल्बम हैं। सिम्फनी ने डॉ. बालमुरली कृष्णा, डॉ. एस.पी. बालासुब्रमण्यम और चित्रा जैसे बड़े कलाकारों के साथ भी काम किया है। इनके भक्ति गानों से यूट्यूब पर कमाई पिछले 4 सालों में दोगुनी हो गई है। आपको बता दें कि सिम्फनी के 6 यूट्यूब चैनलों पर करीब 2 अरब से ज्यादा व्यूज हैं। इस खरीदारी से टाइम्स म्यूजिक को तमिल बाजार में भक्ति संगीत के क्षेत्र में मजबूती मिलेगी।

एआरसी म्यूजिक कंपनी साल 1985 में शुरू हुई थी। इस कंपनी का कन्नड़ म्यूजिक इंडस्ट्री में काफी नाम है। ये कंपनी फिल्म, भक्ति और लोक संगीत पर काम करती आई है। इसके 4 यूट्यूब चैनलों पर भी 2 अरब से ज्यादा व्यूज हैं और पिछले 3 सालों में इसकी यूट्यूब कमाई 4 गुना बढ़ गई है।

इस खरीदारी पर टाइम्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन ने कहा, 'ये खरीदारी टाइम्स म्यूजिक की ग्रोथ और टाइम्स ग्रुप के एंटरटेनमेंट जगत में विस्तार के लिए बड़ा कदम है।'

टाइम्स म्यूजिक के सीईओ मंदार ठाकुर ने कहा, 'हम सिम्फनी और एआरसी के साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं। ये साझेदारी हमें संगीत की दुनिया में एक नए मुकाम पर पहुंचा देगी। इससे हमारा दुनियाभर में खूब नाम होगा।'

प्राइमरी वेव म्यूजिक के डेविड लॉयटर्टन ने कहा, 'हमने टाइम्स म्यूजिक के साथ इसलिए हाथ मिलाया ताकि भारत जैसे बढ़ते बाजारों में हमारी ग्रोथ हो। यहां संगीत लोगों के दिलों में बसता हैं।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article