Thamma Movie First Review: निर्माता दिनेश विजान के बैनर मैडॉक की नई फिल्म थामा सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है, जो उनके हॉरर यूनिवर्स की अगली कड़ी है। फिल्म थामा में आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना, परेश रावल, नवाजुद्दीन सिद्दिकी अहम किरदारों में नजर आएंगे। इन दिनों फिल्म थामा का प्रमोशन जोर-शोर से चल रहा है, जिसके लिए मेकर्स और स्टार्स शहर-शहर जा रहे हैं और फैंस में उत्साह भरने की कोशिश भी कर रहे हैं। उत्साह भरने की इस प्रक्रिया में निर्माता दिनेश विजान ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए 15 अक्टूबर के दिन दिल्ली में फिल्म थामा की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी, जिसमें आयुष्मान-रश्मिका के फैन ग्रुप्स के साथ-साथ मीडिया को भी न्योता दिया गया। इस स्पेशल स्क्रीनिंग में मेकर्स ने थामा के पहले 20 मिनट दिखाए। आइए आपको बताते हैं कि फिल्म थामा की शुरुआत कितनी प्रभावित करने वाली रही है, जिसके बाद आप अंदाजा लगा सकते हैं कि आपको इस दिवाली आयुष्मान खुराना-रश्मिका मंदाना की मूवी का टिकिट खरीदना है या नहीं?
फिल्म थामा की कहानी दो अलग-अलग दुनिया की है। एक दुनिया हमारी है, जहां से आयुष्मान खुराना है और दूसरी दुनिया रश्मिका मंदाना की है, जिसमें डायरेक्टर आदित्य सरपोतदार हम सभी को लेकर जाएंगे। फिल्म की शुरुआत होती है आयुष्मान खुराना के किरदार आलोक गोयल से जो जंगलों के अंदर कुछ लोगों के बीच फंसा हुआ है। ये लोग हमारी और आपकी दुनिया से अलग हैं और उनका अपना कानून है। अपनी दुनिया में आलोक को देख ये लोग उसे मौत के घाट उतार देना चाहते हैं लेकिन उसे बचाने के लिए आ जाती है रश्मिका यानि कि ताड़का। ताड़का और आलोक एक-दूसरे को जानते हैं। ताड़का कोशिश करती है कि उसके लोग आलोक को नुकसान न पहुंचाए, जिसके बाद ये फैसला लिया जाता है कि आलोक को एक काल कोठरी में डाल दिया जाएगा। यहां सालों से बंद है नवाज का किरदार जो इंसानों के खून के लिए तड़प रहा है। ताड़का कैसे भी आलोक को काल कोठरी से निकाल भागती है और पहुंच जाती है उसके घर। यहां उसका सामना होता है आलोक के परिवार से, जहां उसका शक्की बाप (परेश रावल) मौजूद है।
मेकर्स द्वारा दिखाए गए 20 मिनटों में कहीं पर भी ये नहीं दिखाया गया कि आलोक कैसे ताड़का की दुनिया में पहुंचा और इनका क्या रिश्ता है। मेकर्स ने ये ट्विस्ट एंड टर्न थिएटर के लिए बचाकर रखे हैं, जो बनता भी है। हालांकि जो 20 मिनट मेकर्स ने लोगों को दिखाए उन्हें देखने के लिए बाद ये कहा जा सकता है कि इसमें जबरदस्त कॉमेडी के साथ-साथ एक रहस्यमयी दुनिया देखने के लिए मिलेगी, जो बोर होने का मौका नहीं देगी। फिल्म की स्टारकास्ट शानदार है, जिनसे कमाल की एक्टिंग की उम्मीद की जा सकती है क्योंकि हर कोई अपने-अपने किरदार में परफेक्ट है।
फिल्म थामा की एडिटिंग और डायलॉग्स की जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। डायरेक्टर आदित्य ने इस बात का पूरा ख्याल रखा है कि डायलॉग्स यंग जनरेशन के मुताबिक हो और एटिडिंग बहुत ही शार्प है, जिस कारण हर सीन इंटरेस्टिंग लगता है। फिल्म थामा के पहले 20 मिनट देखने के बाद ये कहा जा सकता है कि अगर इसके ट्विस्ट एंड टर्न्स कमाल के रहते हैं तो निर्माता दिनेश विजान की झोली इस दिवाली पैसों से भरने वाली है।
