Suniel Shetty on Kartik Replace Akshay In Hera Pheri 3: 'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी बॉलीवुड इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय सीरीज रही है। अब इस मूवी के तीसरे पार्ट को बड़े परदे पर देखने के लिए हरकोई बेताब है। कई महीनों पहले ऐसी भी खबरें सामने आई थीं कि अक्षय कुमार (Akshay Kumar) को 'हेरा फेरी 3' (Hera Pheri 3) में कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) ने रिप्लेस कर दिया है। इस खबर ने अक्षय कुमार के फैन्स को भी हैरान कर दिया है। अक्षय कुमार को रिप्लेस करने की खबरों पर अब 'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे सुनील शेट्टी (Suniel Shetty) ने बड़ा रिएक्शन दिया है।
सुनील शेट्टी ने बॉम्बे टाइम्स को बताया, 'अच्छी बात यह है कि हमें फिल्म की शूटिंग करते समय कभी ऐसा नहीं लगा कि इस फिल्म को 25 साल हो गए हैं। बात सिर्फ इतनी सी है कि हमारे लुक्स बदल गए हैं। हमारे गेट-अप अलग हैं बाकी चीजें और हम वही हैं। निर्माता से लेकर निर्देशक तक हर कोई एक जैसा है। हम ओम पुरी को याद करते हैं। 'हेरा फेरी' के अहम किरदारों में से वो एक रहे थे।' इस दौरान जब सुनील शेट्टी से कार्तिक आर्यन द्वारा अक्षय कुमार को फिल्म 'हेरा फेरी 3' में रिप्लेस करने की खबरों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'यह बातें कहां से आई हैं और वो कभी भी किसी को रिप्लेस नही कर रहे थे।'
सुनील शेट्टी ने आगे कहा, 'वो फिल्म में एक नए किरदार के रूप में आ रहे थे लेकिन अब मेकर्स ने पुरानी स्क्रिप्ट पर काम शुरू किया है, जो 'हेरा फेरी' से 10 गुना मजेदार होने वाली है।' बताते चलें सुनील शेट्टी, अक्षय कुमार और परेश रावल की इस मूवी का निर्देशन प्रियदर्शन करने जा रहे हैं।
