Sanjay Mishra-Mahima Choudhary Movie: बॉलीवुड में इन दिनों नई और हटकर कहानियों का दौर चल रहा है। इसी कड़ी में संजय मिश्रा ( Sanjay Mishra) और महिमा चौधरी( Mahima Choudhary) भी जुड़ गए हैं। महिमा चौधरी लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर लौट रही है। उनकी आने वाली फिल्म “दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी” है। हाल ही में फिल्म का फर्स्ट लुक रिलीज हुआ है, जिसे देखकर फैंस की बेताबी बढ़ गई है।
फिल्म की कहानी बड़ी ही दिलचस्प और अनोखे प्लॉट पर आधारित है। एक युवक अपने होने वाले ससुराल की “अनोखी शर्त” पूरी करने के लिए अपने पिता की दूसरी शादी करवाने के मिशन पर निकल पड़ता है। ससुराल वाले अपनी बेटी को ऐसे घर में भेजने से मना कर देते हैं जहां कोई स्त्री न हो। अब बेटा परंपरा, समाज और यहां तक कि अपने पिता के विरोध के बावजूद इस चुनौती को स्वीकार करता है। आगे कहानी कैसे आगे बढ़ती है — यही फिल्म की असली मज़ेदार यात्रा है।
टीजर में फिल्म के टोन की झलक मिलती है। हल्की-फुल्की कॉमेडी भरी कहानी और समाज के व्यंग्य का तड़का है। पोस्टर में संजय मिश्रा ( Sanjai Mishra) और महिमा चौधरी( Mahima Chaudhary) की जोड़ी नजर आती है, जबकि एक मजेदार बोर्ड पर लिखा है : "एक पचास पचपन वर्षीय पत्नीहीन पुरुष को जीवनसंगिनी की खोज है। कुंवारी, विधवा अथवा तलाकशुदा सब आमंत्रित हैं। इच्छुक महिलाएं कृपया संपर्क करें, दहेज हम आपको देंगे।" यह लाइन ही बताती है कि फिल्म में व्यंग्य और हास्य का कितना बढ़िया तड़का होने वाला है।
कलाकार की टीम
वाराणसी की गलियों और सड़कों पर शूट हुई इस फिल्म में संजय मिश्रा( Sanjai Mishra) , महिमा चौधरी, व्योम, पलक लालवानी, प्रवीण सिंह सिसोदिया और श्रीकांत वर्मा जैसे कलाकार नजर आएंगे।
संजय मिश्रा ने अपने किरदार को लेकर कहा, “दुर्लभ प्रसाद का रोल मेरे लिए बेहद अलग और चुनौतीपूर्ण रहा। फिल्म की स्क्रिप्ट बहुत ईमानदारी से लिखी गई है जो दर्शकों को बांधे रखती है। बनारस में शूटिंग करना शानदार अनुभव था।” फिल्म का निर्माण एक्षा एंटरटेनमेंट के बैनर तले हुआ है। निर्माता एकांश बच्चन और हर्षा बच्चन, सह-निर्माता रमित ठाकुर, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी सिद्धांत राज सिंह ने निभाई है। यह रोमांटिक कॉमेडी और पारिवारिक ड्रामा फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
