Salman Khan new film: बॉलीवुड स्टार सलमान खान जल्द ही फिल्म बैटल ऑफ गलवान में नजर आने वाले हैं। इस मूवी को देखने के लिए लोग बेताब हैं। सभी लोगों की नजरें सलमान की इस मूवी पर टिकी हुई है। बीते दिनों ये खबर सामने आई थी कि सलमान, राज एंड डीके के साथ काम करने वाले हैं। इस बीच सलमान की इस फिल्म को लेकर नया अपडेट सामने आया है। आइए नजर डालते है इस खास रपोर्ट पर...
राज एंड डीके की मूवी में नजर आएंगे सलमान खान
सलमान खान पिछले तीन महीनों से राज एंड डीके के साथ चर्चा कर रहे हैं और अब खबर है कि कुछ रोमांचक और हटकर आखिरकार बन रहा है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार राज एंड डीके सलमान के लिए एक मजेदार सुपरहीरो फिल्म बना रही है, जो हॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर 'हैंकॉक' की तरह है। फिल्म में सलमान एक ऐसे सुपरहीरो के किरदार में नजर आएंगे, जो अब थक चुका है और दुनिया बचाने से रिटायर होना चाहता है। वो बार-बार एक ही काम दोहराने से ऊब गया है, लेकिन परिस्थितियां उसे शांति से जीने नहीं देतीं और बार-बार एक्शन में खींच लाती हैं। आखिरकार ये उसे एक बड़े संघर्ष में धकेल देती हैं। ये एक हाई-कॉन्सेप्ट सुपरहीरो कॉमेडी है।
सलमान को सता रही है ये चिंता
सूत्रों के मुताबिक, सलमान को यह आइडिया बहुत पसंद आया है और वे राज एंड डीके से पूरी स्क्रिप्ट का इंतजार कर रहे हैं। सलमान की सबसे बड़ी चिंता बजट है। उन्होंने राज एंड डीके से कहा है कि स्क्रिप्ट को सही बजट में रखकर लिखें, क्योंकि वे कोई महंगी सुपरहीरो फिल्म नहीं करना चाहते। राज एंड डीके सलमान के किरदार की खासियतों को ध्यान में रखकर स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। अप्रैल 2026 में सलमान के साथ पूरी कहानी सुनाई जाएगी। अगर सब ठीक रहा तो फिल्म नवंबर 2026 में शूटिंग शुरू हो सकती है।
