Salman Khan House Firing Case Update: सलमान खान( Salman Khan) के घर के बाहर हुई गोलीबारी का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। ताजा खबर यह है कि अदालत ने इस मामले के आरोपी और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े मोहम्मद रफीक सरदार चौधरी को जमानत देने से इनकार कर दिया है। सलमान खान ( Salman Khan) के घर पर गोलीबारी करने के बाद पुलिस ने जिन्हें हिरासत में लिया था, अब उनपर केस चल रहा है। सोमवार को इसपर बड़ा फैसला आया है।
इस मामले पर अदालत का कहना है कि चौधरी ने इस अपराध में सबसे बड़ी भूमिका निभाई थी और वह जानबूझकर इस अपराध में शामिल हुआ था। जांच में सामने आया कि घटना से दो दिन पहले मोहम्मद रफीक चौधरी को सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर देखा गया था। उस समय उसने रेकी करते हुए एक वीडियो बनाया था और इसे लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को भेजा था।
कोर्ट ने खारिज की मोहम्मद रफीक चौधरी की जमानत याचिका
चौधरी ने अपनी जमानत याचिका में कोर्ट को कई वजहें दी थीं। जैसे एफआईआर दर्ज करने में देरी, सबूतों की कमी, और उसके खिलाफ कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड न होना। लेकिन विशेष लोक अभियोजक महेश मुले ने इसका कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि चौधरी अपराध की योजना और उसे अंजाम देने में शामिल था। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, विशेष अदालत के जज महेश जाधव ने चौधरी की जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने साफ कहा कि आरोपी ने अपराध से आर्थिक फायदा उठाया और मकोका (MCOCA) कानून के तहत ज़मानत की शर्तों को पूरा नहीं कर पाया।
हिरासत में हैं अन्य आरोपी
फिलहाल चौधरी समेत कई आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। इस मामले के एक अन्य आरोपी ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने अपने आरोप पत्र में लॉरेंस और अनमोल बिश्नोई को इस केस में वांछित आरोपी बताया है। याद दिला दें, यह गोलीबारी 14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के घर के बाहर हुई थी, जिसके बाद से मामला लगातार चर्चा में है।
