Saira Banu on Dilip Kumar: दिग्गज एक्टर दिलीप कुमार (Dilip Kumar) ने सालों तक इंडस्ट्री पर राज किया। दिलीप कुमार की एक्टिंग लोगों को खूब पसंद आती थी। दिलीप कुमार ने एक से एक फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेरा। आज भी दिलीप कुमार की मूवीज को लोग देखना पसंद करते हैं। बता दें कि दिलीप कुमार ने साल 2021 में आज ही के दिन 98 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनकी मौत से सभी लोग हिल गए थे। आज दिलीप कुमार की पांचवीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर सायरा बानो (Saira Banu ) का एक पोस्ट सामने आया है, जो कि इंटरनेट वर्ल्ड में धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। (टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें-'मुश्किल वक्त में खड़े रहे...' सायरा बानो के आमिर खान के जन्मदिन को बनाया खास, पोस्ट शेयर कर लुटाया प्यार)

सायरा बानो ने लिखा लंबा-चौड़ा पोस्ट (pic credit-instagram)
सायरा बानो ने लिखा लंबा चौड़ा पोस्ट
दिग्गज एक्ट्रेस सायरा बानो ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर कर भावुक कर देने वाला पोस्ट लिखा है। उन्होंने खास अंदाज में दिलीप साहब को श्रद्धांजलि दी है। सायरा बानो ने लिखा, '"जिंदगी की सबसे खूबसूरत बात यह है कि कोई इंसान कभी पूरी तरह हमसे दूर नहीं जाता। वह हमेशा हमारी यादों में जिंदा रहता है। यादें समय की तरह बदलती नहीं हैं, बल्कि हमेशा हमारा साथ निभाती हैं। उनमें हर मुस्कान, हर नजर और हर बात हमेशा के लिए बस जाती है। किसी को याद करना इस बात का सबसे बड़ा सबूत है कि वह आज भी हमारे दिल में जिंदा है।" उन्होंने आगे लिखा, "मुझे हमेशा लगता है कि साहब इस दुनिया से जाने से पहले मुझे सबसे बड़ी दौलत देकर गए हैं। वह दौलत उनकी अनगिनत यादें हैं। यही यादें मेरे जीवन का सबसे बड़ा सहारा हैं और मैं अपनी पूरी जिंदगी इन्हीं के साथ बिताऊंगी। 7 जुलाई 2021 का दिन सिर्फ मेरे लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए दुखद था। उस दिन दिलीप कुमार हमें छोड़कर चले गए। उनके परिवार, दोस्तों, चाहने वालों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सभी लोगों के जीवन में एक ऐसी कमी आ गई, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।"
सायरा बानो ने किया भावुक
सायरा बानो ने आगे लिखा, "मेरे लिए वह सिर्फ दुनिया के महान एक्टर नहीं थे। वह मेरी जिंदगी का सबसे मजबूत सहारा थे। मैं हर मुश्किल समय में उन्हीं पर भरोसा करती थी। हमने सिर्फ एक साथ जिंदगी नहीं बिताई, बल्कि हर पल को पूरी तरह जिया। साहब इतने उदार और जिम्मेदार इंसान थे कि उन्होंने मुझे हमेशा अपनी साथी बनकर जीने का सम्मान दिया। दुनिया उन्हें हमेशा भारतीय सिनेमा के सबसे महान कलाकारों में से एक के रूप में याद रखेगी। लेकिन जो लोग उन्हें करीब से जानते थे, वे उन्हें एक नेकदिल इंसान, जरूरतमंदों की मदद करने वाले, सच्चे दोस्त और बेहद दयालु व्यक्ति के रूप में भी याद करेंगे। आज पीछे मुड़कर देखती हूं तो एहसास होता है कि मैं सिर्फ इतिहास को होते हुए नहीं देख रही थी, बल्कि खुद उसका हिस्सा बनकर जी रही थी। मुझे इस बात का सौभाग्य मिला कि मैं उस विरासत का छोटा-सा हिस्सा बनी, जिसे आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी। साहब को मेरी नजरों से दूर हुए पांच साल हो गए हैं, लेकिन वह कभी मेरी जिंदगी से दूर नहीं हुए। इतना गहरा प्यार और इतना खूबसूरत साथ समय या दूरी से कभी खत्म नहीं होता। आज भी मेरी हर याद उन्हीं तक पहुंचती है। अगर इस जीवन में मैं खुद को सबसे खुशकिस्मत मानती हूं, तो इसलिए कि मुझे दिलीप कुमार से प्यार करने और उनका प्यार पाने का सौभाग्य मिला। इसके लिए मेरी आत्मा हमेशा आभारी रहेगी, जब तक कि हम फिर से एक-दूसरे से नहीं मिल जाते।" सायरा बानो के इस पोस्ट पर लोग जमकर रिएक्ट कर रहे है। सभी लोग इस पोस्ट पर कमेंट कर दिलीप साहब को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
