Lara Dutta Post: अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष से पूरी दुनिया में डर का माहौल है। मध्य पूर्व में हुए हवाई हमलों के चलते कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। ऐसे में लाखों यात्री बुरी तरह फंस गए हैं। बता दें कि दुबई एयरपोर्ट पर आम लोगों के साथ-साथ कई बॉलीवुड सेलेब्स भी फंसे हुए हैं। इस बीच एक्ट्रेस लारा दत्ता का एक पोस्ट सामने आया है, जो कि इंटरनेट वर्ल्ड में तेजी से वायरल हो रहा है। आइए नजर डालते है इस रिपोर्ट पर...
डर गई हैं लारा दत्ता
बॉलीवुड एक्ट्रेस लारा दत्ता ने हाल ही में कई अपडेट्स में बताया कि अमेरिका-ईरान संघर्ष के अचानक बढ़ने से वे दुबई में बहुत घबराई हुई हैं। वे अपनी बेटी सायरा के साथ दुबई में हैं। लारा ने बताया कि वे 28 तारीख को दुबई के एक स्टूडियो में शूटिंग कर रही थीं, तभी ऊपर से धमाकों की आवाज आई। वे बाहर भागीं और देखा कि मिसाइलें हवा में ही रोक दी जा रही हैं। उन्होंने कहा, 'हम इस इजराइल-ईरान युद्ध की शुरुआत से दुबई में हैं। पिछले तीन साल से दुबई मेरी दूसरा घर जैसा है। लेकिन ये कुछ दिन बहुत तनावपूर्ण रहे हैं। मेरी बेटी मेरे साथ है, जबकि महेश काम के सिलसिले में बाहर थे, शुक्र है वो दुबई में नहीं थे।' उन्होंने फाइटर जेट्स आसमान में उड़ते हुए और जोरदार धमाकों का जिक्र किया। 'बहुत सारे फाइटर जेट्स ऊपर उड़ रहे हैं, जोर-जोर से धमाके हो रहे हैं। हम एक सुरक्षित इलाके में विला में रहते हैं, लेकिन खिड़कियां हिल रही हैं, दरवाजे कांप रहे हैं, ये सब बहुत डरावना है। लेकिन मैंने एक भी पल असुरक्षित महसूस नहीं किया।'
लारा ने की यूएई सरकार की तारीफ
यूएई सरकार की तारीफ करते हुए लारा ने कहा, 'यूएई सरकार ने कमाल का काम किया है। हर व्यक्ति को सुरक्षित और संरक्षित महसूस हुआ, चाहे वो किसी भी देश का हो। हमें लगा कि हम मायने रखते हैं। सरकार हर संभव कोशिश कर रही है हमें बचाने की। मैं हैरान हूं कि मेरा गार्डनर रोज आकर घास काटता है, पौधों को पानी देता है।' वीडियो के अंत में आंसू भरी आंखों से लारा ने कहा, 'मुझे उन आम लोगों का बहुत सम्मान है जो यहां रहते हैं, उनके पास बाहर जाने का विकल्प नहीं है, लेकिन वो देश को चलाए रख रहे हैं। हम फ्लाइट्स देख रहे हैं, एतिहाद और एमिरेट्स की कुछ फ्लाइट्स हैं। हम जल्द से जल्द मुंबई वापस जाना चाहते हैं, क्योंकि बच्चे ज्यादा घबराए हुए हैं। हम बड़े लोग बच्चों के सामने हिम्मत दिखाते हैं।' उन्होंने पिछले साल भारत-पाकिस्तान तनाव का भी जिक्र किया और कहा कि भारत ने भी अपने नागरिकों की अच्छी तरह रक्षा की थी, वैसे ही यहां यूएई कर रहा है। अंत में उन्होंने कहा, "कोई भी आम नागरिक युद्ध के डर में नहीं जीना चाहता। उम्मीद है सब समझदारी दिखाएंगे और बेहतर फैसला लेंगे। तब तक हम सब सहन करते रहेंगे।'
