बॉलीवुड की सबसे बेबाक अदाकारा जया बच्चन के अनुसार, फिल्म इंडस्ट्री पिछले काफी समय से डर के माहौल में जी रही है। जया बच्चन ने कहा है कि लोगों की निगाहें इंडस्ट्री पर सिर्फ बॉक्स ऑफिस और पर्सनल खबरों तक के लिए ही सीमित नहीं रह गई हैं। जया के अनुसार बॉलीवुड के कलाकार लीगल इश्यूज से दूर बने रहने के लिए खुद को बोल्ड स्टेटमेंट्स से दूर रखते हैं। अगर वो कुछ भी कहेंगे तो ईडी उनके घर के बाहर आकर खड़ी हो जाएगी और उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
बॉलीवुड द्वारा ज्यादा क्रिएटिव फिल्में न बनाने पर भी जया बच्चन ने बात की और कहा, 'आपके घर के बाहर ईडी आ जाए। आप चाहें कितनी भी ईमानदारी से टैक्स पे करें और सरकार के नियमों का पालन करें लेकिन आप हमेशा इस डर में रहें कि अगर आपने ज्यादा क्रिएटिविटी दिखाई तो आपके ऊपर ईडी का पहरा लग जाएगा। 24 घंटे आप ये सोचेंगे कि ये बोलूं तो ऐसा होगा, वो बोलूं तो वैसा होगा। तो आप क्या ही काम करेंगे?'
जया बच्चन ने ये भी बताया कि वो नहीं डरती हैं। जया बच्चन ने कहा है, 'मुझे ऐसा कोई डर नहीं है और मैं बेबाक बयान देती हूं। हालांकि मुझे ये पता है कि बॉलीवुड के लोगों के लिए ये डर हमेशा सताता रहता है।'
बताते चलें कि कुछ वक्त पहले बॉलीवुड के कई सितारों को ईडी ने नोटिस भेजा था। रणबीर कपूर, हुमा कुरैशी और जैकलीन फर्नांडिस कुछ ऐसे सितारों में से एक हैं, जिन्हें ईडी ने पूछताछ के लिए समन भेजा था। इन सितारों के साथ-साथ जया बच्चन के हसबैंड अमिताभ बच्चन और बहू ऐश्वर्या राय बच्चन को भी पनामा पेपर्स मामले में 2017 में ईडी द्वारा समन भेजा गया था।
