बॉलीवुड

पहलगाम आतंकी हमला: जावेद अख्तर ने मोदी सरकार से की सख्त एक्शन लेने की गुजारिश, बोले 'कश्मीरी भारत के बिना जिंदा...'

भारत के जाने-माने लेखक जावेद अख्तर (Javed Akhtar) ने पहलगाम आतंकी हमले पर बात करते हुए कहा है कि भारतीय सरकार को पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा एक्शन लेना चाहिए। सीमा पर होने वाली छोटी-मोटी भिड़ंत से कुछ भी नहीं होने वाला है। जावेद पहलगाम आतंकी हमले के बाद लगातार पाकिस्तान के खिलाफ बयान दे रहे हैं और सरकार से गुजारिश कर रहे हैं कि वो दुश्मन देश को तगड़ा जवाब दे।

Image

Javed Akhtar

Javed on Pahalgam terror attack: पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष भारतीयों की जान चली गई। आतंकवादियों ने लोगों का धर्म पूछ-पूछकर उन्हें गोली मारी थी, जिस कारण देशवासियों में काफी गुस्सा है। भारतीय लेखक जावेद अख्तर ने ग्लोरियस महाराष्ट्र फेस्टिवल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बारे में बात की और पाकिस्तान को तगड़ा संदेश देने की पैरवी की। जावेद अख्तर ने भारतीय सरकार से गुजारिश की है कि पाकिस्तान को जल्द ही ऐसा सबक सिखाया जाए, जिसे वो सालों साल न भूल पाए।

जावेद अख्तर ने कहा है, 'ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, पिछले कई मौके पर ऐसा हो चुका है। मैं भारतीय सरकार से गुजारिश करना चाहूंगा कि जल्द से जल्द कड़े कदम उठाए जाएं। सीमा पर होने वाली छोटी-छोटी झड़पें मदद नहीं करने वाली हैं। हमें कड़े कदम उठाने होंगे और कभी न भुलाए जाने वाला सबक सिखाना पड़ेगा।'

जावेद अख्तर ने पाकिस्तानी आर्मी चीफ के बयान पर भी जुबान खोली और कहा, 'पाकिस्तानी आर्मी चीफ ने कहा है कि हिन्दू और मुस्लिम दो अलग-अलग कम्यूनिटीज हैं। क्या उन्हें इस बात का अहसास है कि उनके देश में भी हिन्दू हैं। क्या वो अपने देश के लोगों की भी इज्जत नहीं करते हैं? क्या कोई अच्छी समझ वाला इंसान ऐसे कमेंट दे सकता है।'

जावेद अख्तर ने अपने लाहौर दौरे के बारे में बात की और बताया, 'जब मैं कुछ समय पहले लाहौर गया था तब वहां एक एक बूढ़ी महिला आई और उन्होंने मुझसे कहा कि हिन्दुस्तान में उनके देश के लोगों को आतंकियों के रूप में देखा जाता है। मैंने उनसे कहा कि मैं जिस शहर में रहता हूं, उसे मैंने जलते हुए देखा है। जो लोग मेरा शहर जलाने के लिए आए थे, वो आपके शहर में अब तक फ्री घूम रहे हैं। इसका उनके पास कोई जवाब नहीं था।'

जावेद अख्तर ने पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा की भी हवा निकाली और कहा, 'पाकिस्तान के लोग कहते हैं कि कश्मीरी दिल से पाकिस्तानी हैं। ये सरासर झूठ है। सच ये है कि जब साल 1948 में पाकिस्तानियों ने कश्मीर पर हमला किया था, तब वहां लोगों ने 3 दिनों तक उन्हें रोके रखा। हमारे देश की सेना तो तीन दिन बाद पहुंची थी। सच ये है कि कश्मीरी लोग भारत के बिना रह ही नहीं सकते हैं।'

Rahul Sharma
राहुल शर्माauthor

राहुल शर्मा एंटरटनमेंट जर्नलिज्म में 13 वर्षों का समृद्ध अनुभव रखते हैं। वह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम के लीड के रूप में काम कर रहे हैं। जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा करने वाले राहुल अब तक 14,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े बॉलीवुड और टीवी सितारों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं, साथ ही प्रभावशाली फिल्म रिव्यू, फीचर स्टोरीज और रोचक थ्रोबैक आर्टिकल भी लिखे हैं। उनकी लेखन शैली में गहराई, सहजता और इंडस्ट्री की गहरी समझ साफ झलकती है। राहुल को फिल्में देखना, नई जगहों की यात्रा करना और किताबें पढ़ना बेहद पसंद है, जो उनकी रचनात्मकता और कंटेंट गुणवत्ता को और निखारते हैं।

और पढ़ें
End of Article