शहर

रोहतक गैंगवार में असली निशाना था सन्नी रिटोली, साथियों की हत्या के बाद जान बचाकर भागा

रोहतक गैंगवार में सन्नी रिटोली बाल-बाल बचा। सूत्रों के मुताबिक, हिमांशु भाऊ के शूटर उसे मारने मिलन होटल पहुंचे थे। साजिश का जॉर्जिया कनेक्शन भी सामने आया है।

Image

होटल में सन्नी को मारने पहुंचे थे हिमांशु भाऊ के शूटर (Times Now Navbharat)

हरियाणा के रोहतक (Rohtak) में हुई गैंगवार को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस हमले में गैंगस्टर सन्नी रिटोली (sunny ritoli) बाल-बाल बच गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों का असली निशाना सन्नी ही था। वह जिन शूटरों के साथ होटल में रुका हुआ था, उन पर हमला कर दिया गया, लेकिन सन्नी किसी तरह वहां से भाग निकलने में कामयाब रहा। इस हमले में उसके साथ मौजूद शूटरों की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी साजिश गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के गिरोह ने रची थी। हमलावर एक स्विफ्ट कार में सवार होकर आए थे। कार में कुल पांच लोग थे, जिनमें चार शूटर और एक ड्राइवर शामिल था। बताया जा रहा है कि सभी हमलावर हिमांशु भाऊ के गिरोह से जुड़े थे। उन्होंने मिलन होटल में ठहरे सन्नी रिटोली और उसके साथियों को निशाना बनाया।

जॉर्जिया से रची गई थी हत्या की साजिश!

सूत्रों के मुताबिक, सन्नी रिटोली की हत्या की साजिश विदेश से रची गई थी। बताया जा रहा है कि हिमांशु भाऊ के गिरोह का गैंगस्टर रवि राठी इस समय जॉर्जिया में है। सूत्रों का दावा है कि अमेरिका में हिमांशु भाऊ के पकड़े जाने के बाद गिरोह की कमान रवि राठी संभाल रहा है। इस मामले में सामने आई सोशल मीडिया पोस्ट में भी रवि राठी का नाम बताया जा रहा है। हालांकि, इस पूरी साजिश और हमले में उसकी भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि इस हमले की योजना कहां और किस तरह तैयार की गई थी।

दोनों गैंग के बीच पुरानी है दुश्मनी

सन्नी रिटोली और हिमांशु भाऊ दोनों हरियाणा के रोहतक जिले के रिटौली गांव के रहने वाले बताए जाते हैं। दोनों के बीच लंबे समय से गैंगवार चल रही है। इस दुश्मनी में अब तक करीब 10 लोगों की हत्या होने की बात सामने आई है। वहीं, रवि राठी उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गंगनौली गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, हिमांशु भाऊ के विदेश में पकड़े जाने के बाद वह गिरोह की गतिविधियों को संभाल रहा है।

होटल में साथियों के साथ ठहरा था सन्नी

बताया जा रहा है कि सन्नी रिटोली मिलन होटल में उन शूटरों के साथ ठहरा हुआ था, जिन्हें हमलावरों ने निशाना बनाया। हमले के दौरान सन्नी वहां से निकलने में सफल रहा और उसकी जान बच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों का मकसद सन्नी को खत्म करना था। इस घटना के बाद रोहतक में गैंगवार को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। अब पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान करने, उनके भागने के रास्ते का पता लगाने और इस पूरी साजिश के पीछे शामिल लोगों तक पहुंचने की चुनौती है। जांच में यह भी पता लगाना होगा कि विदेश में बैठे गैंगस्टरों ने इस हमले को किस तरह अंजाम दिलवाया।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article