Rohit Basfore found dead: एंटरटेनमेंट की दुनिया से 29 अप्रैल की सुबह बेहद ही दुखद खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि हिट वेब सीरीज 'फैमिली मैन' सीजन 3 के लिए फेमस हुए रोहित बसफोर मृत पाए गए हैं। कहा जा रहा है कि मौत होने से एक दिन पहले रोहित बसफोर अपने दोस्तों के साथ शाम को गरभंगा जंगल में घूमने गए थे। रोहित बसफोर की मौत की खबर ने लोगों को सदमे में डाल दिया है। फैन्स को अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि रोहित बसफोर (Rohit Basfore) का निधन हो गया है।
रिपोर्ट्स की मानें तो रविवार की शाम को असम के गरभंगा जंगल में एक झरने के पास रोहित बसफोर की बॉडी मिली, जिसके बाद अभिनेता के दोस्तों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। रोहित बसफोर की बॉडी मिलने के बाद उन्हें जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया था लेकिन सभी कोशिशों के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। ओडिशा बाइट्स की एक रिपोर्ट के अनुसार रोहित कुछ दिनों पहले ही अपने होमटाउन लौट थे।
कई न्यूज पोर्टल्स के मुताबिक रोहित बसफोर रविवार के दिन अपने दोस्तों के साथ घूमने गए थे। रोहित दोपहर 12:30 बजे घर से निकले थे और जाने से पहले उन्होंने अपनी फैमिली को इस बारे में बताया था। फैमिली के अंदर खलबली तब मची जब उनका कनेक्शन रोहित से नहीं हो पा रहा था। रिपोर्ट में बताया गया है कि रोहित की मौत के बार में उनके एक दोस्त ने अभिनेता की फैमिली को इन्फॉर्म किया।
इस समय आगे की जांच जारी है। पुलिस ने पुष्टि की है कि रोहित के शरीर पर कई चोटें पाई गई थीं। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किए गए पोस्टमार्टम में पाया गया कि रोहित के शरीर पर कई चोटें थीं, जिसमें सिर, चेहरे और कई हिस्सों पर घाव भी थे। लोगों को लग रहा है कि रोहित का मर्डर हुआ है।
रोहित की फैमिली को लग रहा है कि उनके बेटे के साथ कुछ गलत हुआ है। फैमिली ने बताया कि रोहित का पार्किंग के दौरान एक विवाद हुआ था। इस घटना के बाद कथित तौर पर कहा गया कि रंजीत बसफोर, अशोक बसफोर और धरम बसफोर से अभिनेता की जान को खतरा था। अभिनेता की फैमिली ने एक जिम मालिक अमरदीप का भी नाम लिया है, जिसने रोहित को इस ट्रिप के लिए बुलाया था। इस समय चारों आरोपी फरार हैं और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
