Govinda-Sunita Ahuja Divorce: बॉलीवुड कलाकार गोविंदा के तलाक की खबर जब से इंटरनेट पर वायरल हुई है, तब से लोग पुराने-पुराने वीडियोज देखकर अंदाजा लगा रहे हैं कि आखिरकार एक्टर की शादीशुदा जिंदगी में आग लगना कहां से शुरू हुई थी? अब तक गोविंदा और सुनीता आहूजा के कई सारे वीडियोज इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें से एक वीडियो वैलेंटाइन्स डे का है। इस वीडियो में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा कहती दिखाई दे रही हैं कि एक्टर वैलेंटाइन्स-डे उनके साथ नहीं बल्कि अपने प्यार के साथ मना रहे हैं। सुनीता का ये बिंदास बयान लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
असल में सुनीता आहूजा वैलेंटाइन्स डे पर बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ बाहर निकली थीं। इस दौरान मीडिया ने उन्हें कैमरे में कैद कर लिया। जब फोटोग्राफर्स ने सुनीता से पूछा कि वो अपने पति की जगह बेटे के साथ वैलेंटाइन्स डे पर क्यों बाहर आई हैं तो उन्होंने कहा कि गोविंदा जी अपने प्यार के साथ हैं। सुनीता आहूजा के अनुसार, "गोविंदा सर अपने वैलेंटाइन के साथ हैं। इससे पहले आप कुछ उल्टा-पुल्टा समझें मैं आपको बता दूं कि उनका वैलेंटाइन उनका काम है। वो अपने काम से बहुत प्यार करते हैं न...।"
अगर मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो गोविंदा और उनकी पत्नी के बीच में काफी दिनों से अनबन चल रही है। सुनीता ने मीडिया में गोविंदा के खिलाफ कई सारे बयान दिए हैं, जिनकी वजह से वो नाराज हैं। गोविंदा इन बयानों को लेकर सुनीता से बात कर रहे हैं लेकिन अभी तक मामला सुलझा नहीं है। गोविंदा के मैनेजर ने मीडिया से बात करते हुए एक्टर और उनकी पत्नी सुनीता के बीच अनबन पर पक्की मुहर लगाई है। हालांकि मैनेजर ने तलाक की खबरों को अफवाह करार दिया है लेकिन फिर भी फैंस आहूजा परिवार के आधिकारिक बयान का इंतजार कर रहे हैं।
