बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग मूवी देवा के प्रमोशन में व्यस्त हैं, जिसमें उनके साथ पूजा हेगड़े दिखाई देंगी। फिल्म देवा में शाहिद कपूर एक पुलिस ऑफिसर का किरदार प्ले करते नजर आएंगे। शाहिद कपूर ने इस फिल्म के लिए अपना लुक बदला है, जिस कारण दर्शक देवा के लिए काफी एक्साइटेड हैं। फिल्म देवा के प्रमोशन के लिए शाहिद कपूर इन दिनों काफी इंटरव्यूज कर रहे हैं। एक ऐसे ही इंटरव्यू में शाहिद कपूर ने कुछ बॉलीवुड स्टार्स पर कमेंट किया था, जो पार्टी में दिखने के लिए स्टाइल मारते हैं। शाहिद ने कहा था कि ऐसे लोगों को देखकर ही पता चल जाता है कि ये लोग दिखने के लिए स्टाइल मार रहे हैं। लोगों ने शाहिद कपूर के इस कमेंट को सलमान खान से जोड़ दिया है। लोगों का कहना है कि शाहिद कपूर ने सलमान खान पर कटाक्ष किया है।
बीते दिन शाहिद कपूर ने एचटी मीडिया से बात की और कहा कि उन्होंने सलमान खान पर निशाना नहीं साधा है। कोई लोग उन्हें लगातार उनकी ही वीडियो भेज रहे हैं और ऐसा बोल रहे हैं। शाहिद ने कहा है, 'मैंने सलमान सर के लिए कुछ भी नहीं कहा है। मुझे पता है कि लोगों में ऐसी बातें हो रही हैं लेकिन वो सभी गलत हैं। मैं कभी भी अपने सीनियर और इतने बड़े स्टार के बारे में कुछ नहीं कहूंगा। मैं सलमान सर की बहुत इज्जत करता हूं। मैं इस बारे में केवल इतना ही कहना चाहूंगा।'
बताते चलें कि शाहिद कपूर और सलमान खान के बीच काफी अच्छे रिश्ते हैं। शाहिद कई दफा बिग बॉस जैसे शो में अपनी फिल्म प्रमोट करने के लिए आ चुके हैं, जहां सलमान और उनकी बॉन्डिंग लोगों को नजर आई है। फिल्म फटा पोस्टर निकला हीरो में सलमान खान ने कैमियो भी किया था। इस कैमियो के दौरान शाहिद को सलमान के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला था।
