Kareena Kapoor Khan's Next is Daayra: साल 2025 के अप्रैल महीने में बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान (Kareena Kapoor Khan) ने अपने नए प्रोजेक्ट 'दायरा' की बड़ी घोषणा की थी। इस मूवी में करीना कपूर खान के साथ साउथ सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन (Prithviraj Sukumaran) को भी अहम रोल में देखा जाएगा। बताया जा रहा है कि एक क्राइम थ्रिलर बेस्ड मूवी होगी। ताजा जानकारी यह है कि करीना कपूर ने इस मूवी की शूटिंग को शुरू कर दिया है। 'दायरा' की शूटिंग शुरू करने की जानकारी करीना कपूर खान ने खुद सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से अपने फैन्स के बीच शेयर की है। करीना कपूर ने यह भी खुलासा करते हुए कहा कि उनकी 68वीं फिल्म की शूटिंग का पहला दिन है।
करीना कपूर खान ने शुरू की फिल्म 'दायरा' की शूटिंग
करीना कपूर खान ने आज यानी गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो क्लिप शेयर की। इस क्लिप में फिल्म 'दायरा' की टीम की झलक दिखाई दे रही है। एक झलक में करीना स्क्रिप्ट पढ़ती नजर आ रही हैं जबकि दूसरी में पृथ्वीराज सुकुमारन पुलिस की वर्दी पहने अपने रोल के लिए तैयार दिखाई दिए। इस वीडियो में दिग्गज गीतकार और कवि गुलजार भी 'दायरा' के सेट पर पर बाकी टीम मेंबर्स के साथ बातें करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए करीना कपूर खान ने लिखा, 'मेघना गुलजार और पृथ्वीराज के साथ मेरी 68वीं फिल्म 'दायरा का पहला दिन है। फैन्स अपना प्यार और आशीर्वाद भेजें।'
करीना कपूर खान को इस मूवी में देखने के लिए फैन्स भी बड़ी बेताबी से इंतजार कर रहे हैं। इस मूवी को मेघना गुलजार डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की जोड़ी पहली बार बड़े परदे पर दिखाई देगी। फिल्म की रिलीज डेट का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है लेकिन उम्मीद है कि इसे अगले साल रिलीज किया जाएगा। आखिरी बार करीना कपूर खान को फिल्म 'सिंघम अगेन' में देखा गया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी।
