सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या की हो CBI जांच, सुब्रमण्यम स्वामी दाखिल करेंगे जनहित याचिका

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 9, 2020, 11:10 PM IST

Subramanyam Swamy On Sushant Singh Rajput CBI Investigation: सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के मामले में फैंस सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। अब सुब्रमण्यम स्वामी इस पर जनहित याचिका फाइल करने वाले हैं।

सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या की हो CBI जांच, सुब्रमण्यम स्वामी दाखिल करेंगे जनहित याचिका

मुंबई. सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या की फैंस, सेलेब्स सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। अब इस मामले में बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी भी कूद गए हैं। स्वामी इस पर जल्द ही जनहित याचिका लगाने वाले हैं। 

भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने सोशल मीडिया पर लिखा- 'मैंने एडवोकेट इशकरण भंडारी से कहा है कि वह सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या के मामले की सीबीआई जांच के लिए जनहित याचिका फाइल करें।' 

स्वामी ने आगे लिखा- ' एडवोकेट इस मामले से जुड़े सभी कागजातों की समीक्षा करें। इसके अलावा इस मामले से जुड़े जरूरत के सभी दस्तावेज को भी इक्ट्ठा करें, जिससे इस केस की जांच सीबीआई को सौंपी जाए।'

कई सेलेब्स कर चुके हैं मांग 
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद सोशल मीडिया पर रोज #CBIforSushant और #CBIForSonOfBihar ट्रेंड करने लगा था। सोशल मीडिया पर सेलेब्स भी सीबीआई जांच की मांग को सपोर्ट कर रहे हैं। 

महाभारत में द्रौपदी का किरदार निभाने वालीं एक्ट्रेस रूपा गांगुली ने भी इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी। इसके अलावा बिग बॉस एक्स कंटेस्टेंट और एक्ट्रेस पायल रोहातगी ने भी सीबीआई जांच की मांग की है। 

पुलिस कर रही है पूछताछ 
सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या के मामले में पुलिस अभी तक कई लोगों से पूछताछ की है। डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने पूछताछ में बताया कि वह सुशांत सिंह राजपूत के साथ चार फिल्मों का प्लान बना रहे थे। 

जोन 11 के डीसीपी अभिषेक त्रिमुखे के मुताबिक संजय लीला भंसाली ने पुलिस को बताया कि सुशांत के पास डेट्स नहीं थी। ऐसे में पद्मावत डायरेक्टर को किसी दूसरे एक्टर को साइन करना पड़ा। पुलिस ने सुशांत के बांद्रा स्थित अपार्टमेंट की सीसीटीवी फुटेज की रिकॉर्डिंग जब्त कर ली है।

End of Article