Sonali Bendre Dressing Style: बॉलीवुड एक्ट्रेस उन अभिनेत्रियों की लिस्ट में शामिल हैं जो सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और खुद से जुड़े पोस्ट शेयर करती रहती हैं। हाल ही में उन्होंने एक पोस्ट शेयर किया जो काफी खास था और उसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा। दरअसल एक्ट्रेस पिछले 16 वर्षों में बिलकुल भी नहीं बदली हैं और इसका सबूत देते हुए उन्होंने खास तस्वीरें भी फैंस के साथ शेयर कीं, जो सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।
सोनाली ने शेयर की तस्वीरें
दरअसल सोनाली हाल ही में हुमा कुरैशी और साकिब सलीम की ईद पार्टी में पति गोल्डी बहल के साथ पहुंचीं। इस दौरान वो अबू जानी और संदीप खोसला द्वारा डिजाइन की गई व्हाइट आउटफिट में नजर आईं। इस ड्रेस की खासियत यह है कि इसे एक्ट्रेस ने 16 साल पहले भी पहना था। एक्ट्रेस ने इस ड्रेस में अपनी पुरानी और अब की तस्वीर शेयर की जिसे देख फैंस हैरान रह गए हैं। इन तस्वीरों को देख यह साफ है कि बीते 16 वर्षों में एक्ट्रेस बिलकुल भी नहीं बदली हैं। पहली तस्वीर मे वो एक्टर पियर्स ब्रॉसनन के साथ नजर आ रही हैं, जिसमें वो प्रेग्नेंट हैं। वहीं दूसरी फोटो हाल ही में हुई ईद पार्टी की है जिसमें वो पति गोल्डी बहल के साथ हैं।
सोनाली ने लिखा ये पोस्ट
सोनाली ने अपनी ये तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, 'देन एंड नाउ (तब और अब) की तस्वीरें मेरी फेवरिट है। इससे पता चलता है कि कितना कुछ बदल गया है लेकिन कुछ चीजें अब भी नहीं बदलीं... जैसे कि मैं एक पुरानी ड्रेस में फिट हो रही हूं। इसे मैंने 16 साल पहले पहना था, जब मैं प्रेग्नेंसी के पहले ट्राइमेस्टर में थी। अब साल 2022 में मैं उसी आउटफिट में हूं। इसे लेकर बहुत खुश हूं कि कुछ नहीं बदला है।'
सेलेब्स और फैंस कर रहे तारीफ
सोनाली ने जैसे ही ये पोस्ट शेयर किया सेलेब्स और फैंस ने उनकी तारीफ करनी शुरू कर दी। अभिषेक बच्चन, तब्बू और हुमा कुरैशी जैसे सेलेब्स ने दिल और स्माइली फेस इमोजी बनाकर कमेंट किया। वहीं संदीप खोसला और अबू जानी ने भी इसपर कमेंट किया। यहां तक कि फैंस भी एक्ट्रेस की तारीफ करते नजर आए। फैंस उन्हें ग्रेसफुल, खूबसूरत और सबसे परफेक्ट बता रहे हैं।

