Akshay Kumar Hairdresser Milan Jadhav Dies: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) के लिए यह पल दुख भरा है। ऐसा इसीलिए क्योंकि उनके हेयरड्रेसर मिलान जाधव की मृत्यु हो गई है। तकरीबन 15 साल से अक्षय कुमार के कई आईकॉनिक लुक देने वाले मिलान की मौत से कई बॉलीवुड सितारों को झटका लगा है। बॉलीवुड अभिनेता ने इस बात की जानकारी देते हुए शोक व्यक्त किया है। एक्टर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए यह बताया कि मिलान जाधव सेट की जान थे। उन्हें अभी भी इस बात पर विश्वास नहीं हो रहा है कि मिलान जाधव अब उनके साथ नहीं हैं।
अक्षय कुमार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर मिलान जाधव के मृत्यु की खबर दी। उन्होंने ट्विटर और इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा 'तुम अपने फंकी हेयर स्टाइल और मुस्कान की वजह से औरों से अलग थे। तुमने हमेशा इस बात का ध्यान रखा कि मेरे एक भी बाल खराब ना हों। सेट की जान और 15 साल से मेरे हेयरड्रेसर रहे मिलान जाधव। मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि तुम हमें छोड़ कर चले गए। मैं हमेशा तुम्हें याद करूंगा मिलानो। ओम शांति।
जैसे ही अक्षय कुमार ने यह पोस्ट शेयर किया, वैसे ही कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज ने रिएक्ट किया। अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल खन्ना ने भी उनके पोस्ट पर रिएक्ट किया है। वहीं अनुपम खेर और अनिल कपूर ने भी कमेंट करते हुए अपना शोक व्यक्त किया है। भूमि पेडणेकर, ईशा गुप्ता, कियारा अडवाणी और डब्बू रत्नानी ने भी अपना दुख जताया है। सिर्फ बॉलीवुड सेलिब्रिटीज ही नहीं बल्कि सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अक्षय कुमार के पोस्ट पर रिएक्ट किया है। एक सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट करते हुए कहा 'ओम शांति' तो दूसरे सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट किया 'भावपूर्ण श्रद्धांजलि।'

