Apne 2 Update: साल 2007 में रिलीज हुई धर्मेंद्र, सनी देओल और बॉबी देओल की फिल्म 'अपने' को लोगों ने काफी प्यार दिया था। इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर भी मोटी कमाई की थी। काफी समय से लोग फिल्म के सीक्वल के बारे में बात कर रहे थे। हाल ही में अनिल शर्मा ने भी बताया था कि वो मूवी पर काम कर रहे हैं। हालांकि अब ये खबर सामने आई है कि ये मूवी नहीं बनने वाली है। बीते दिन धर्मेंद्र की मौत हो गई, जिससे पूरे देश में गम का माहौल है। वहीं डायरेक्टर अनिल शर्मा को भी तगड़ा झटका लगा है। उन्होंने बताया है कि बिना धर्मेंद्र की ये मूवी कभी नहीं बन पाएगी।
अनिल शर्मा ने कही ये बात
डायरेक्टर अनिल शर्मा ने 2007 की सुपरहिट फिल्म अपने का सीक्वल बनाने की पूरी प्लानिंग कर ली थी, जिसमें धर्मेंद्र, सनी देओल और बॉबी देओल लीड रोल में थे। लेकिन अब उन्होंने अपने 2 को रद्द कर दिया है। हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में अनिल ने कहा, 'अपने तो अपनों के बिना नहीं हो सकती। धर्म जी के बिना सीक्वल बनाना नामुमकिन है। सब कुछ ट्रैक पर था, स्क्रिप्ट तैयार थी, लेकिन वो चले गए। कुछ सपने अधूरे ही रह जाते हैं।' अनिल शर्मा ने बताया कि वो कब धर्मेंद्र से आखिरी बार मिले थे। डायरेक्टर ने कहा, ' अक्टूबर में मैं उनसे मिला था उन्होंने कहा था कि अनिल, कोई अच्छी कहानी ला, अच्छी फिल्म करनी है... कैमरा मेरी महबूबा है, मुझे याद करती है। मुझे जाना है उसके सामने।'
फिल्म अपने को लोगों ने दिया था प्यार
बताते चलें कि सनी देओल, धर्मेंद्र और बॉबी देओल की फिल्म 'अपने' बॉक्स ऑफिस पर 35 करोड़ से ज्यादा की कमाई की और सुपरहिट रही। अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म अपने को आज भी लोग देखते हैं। इस फिल्म को आप प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं। जानकारी के लिए बचा दें कि बीते दिन धर्मेंद्र ने हमेशा-हमेशा के लिए सबको अलविदा कह दिया। उनकी मौत से सभी लोग काफी ज्यादा दुखी है।
