Ameesha on Kaho na pyaar hai 2: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में सीक्वल का ट्रेंड बहुत पुराना है। जब भी कोई फिल्म हिट हो जाती है तो मेकर्स उसका सीक्वल निकालकर पैसे बनाने की कोशिश करते हैं। हालांकि इंडस्ट्री में कुछ निर्माता-निर्देशक ऐसे भी हैं, जो कल्ट फिल्मों का सीक्वल बनाकर उनका नाम खराब न करने में भरोसा रखते हैं। डायरेक्ट राकेश रोशन ऐसे ही फिल्मकारों में से एक हैं, जिनकी कई फिल्में हिट रही हैं लेकिन सीक्वल के नाम पर पैसे बनाने की कोशिश नहीं की है। साल 2000 में राकेश रोशन ने कहो ना प्यार है नाम की रोमांटिक मूवी बनाई थी, जिसमें ऋतिक रोशन और अमीषा पटेल जैसे कलाकार दिखाई दिए थे। सालों से इसके सीक्वल की मांग उठ रही है लेकिन मेकर्स ने इस पर कभी कुछ नहीं कहा है।
अदाकारा अमीषा पटेल ने कहो ना प्यार है सीक्वल पर रिएक्ट करते हुए कहा है कि लोग इसे देखना चाहते हैं लेकिन मेकर्स से बात करनी होगी। कुछ देर पहले अमीषा पटेल एयरपोर्ट पर स्पॉट हुईं, जहां उन्होंने मीडिया से बात की। अमीषा पटेल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "कहो ना प्यार है 2 को लोग तो देखना चाहते हैं लेकिन इसके लिए राकेश अंकल और ऋतिक से बात करनी होगी।"
बताते चलें कि कहो ना प्यार है से जहां अमीषा पटेल का शानदार डेब्यू हुआ था, वहीं गदर से उन्हें लोगों के बीच खास पहचान मिली थी। ये दोनों ही मूवीज बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थीं लेकिन फिर भी अमीषा का करियर सफलता की ऊंचाइयां नहीं छू सका। हालांकि कुछ समय पहले गदर के मेकर्स ने इसका सीक्वल बनाकर उनकी बॉक्स ऑफिस पर सफल वापसी कराई थी। शायद अमीषा को उम्मीद है कि अगर कहो ना प्यार है का भी सीक्वल आ जाता है तो उनकी बॉलीवुड में पूरी तरह से वापसी हो जाएगी। वैसे आप कहो ना प्यार है का सीक्वल देखना चाहते हैं? हमें कमेंट में जरूर बताएं।
