Pawan Singh Jyoti Singh Fight: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि उनकी घरेलू लड़ाई एक दिन इतनी बड़ी हो जाएगी की कई दिनों तक खबरों में छायी रहेगी। पवन सिंह ने कुछ देर पहले ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अपने पक्ष की बात लोगों के सामने रखी और कहा कि वो एक शांतिमय शादीशुदा जिंदगी चाहते हैं लेकिन वो उनके नसीब में नहीं हैं। पवन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ये भी कहा कि वो पिता बनना चाहते हैं लेकिन उनके जीवन में जो महिला है, उसके साथ ये संभव नहीं है। पवन सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद जनभावनाएं उनके साथ होना शुरू हुई थीं लेकिन तुरंत ही उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके उनको बेनकाब करने का काम कर डाला। ज्योति सिंह ने मीडिया से बात करते हुए खुलासा किया है कि पवन सिंह पिता नहीं बनना चाहते थे, जिस कारण उन्हें अबॉर्शन पिल्स खिलाते थे।
ज्योति सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, 'जो इंसान बच्चों के लिए तरसता है, क्या वो अपनी पत्नी को बच्चा मारने की गोली खिला सकता है। जब पवन जी मुझे दवाइयां खिलाते थे तब मुझे टॉर्चर भी किया जाता था। वो मेरा गर्भपात कराते थे, जिससे परेशान होकर मैने एक दफा नींद की कई सारी गोलियां खा ली थीं। इसके बाद मेरी तबियत खराब हो गई और मुझे अस्पताल में भी भर्ती कराया गया।'
ज्योति सिंह ने जो दावा किया है, वो बहुत ही गंभीर है। अगर पवन सिंह वाकई ज्योति सिंह को गर्भपात की गोलियां खिलाते थे तो उनके दावे खुद उनके ही खिलाफ जा सकते हैं। ज्योति सिंह जिस तरह से लगातार पवन सिंह के खिलाफ बयानबाजी कर रही हैं, उन्हें देखकर ऐसा लगता है कि वो माफ करने के मूड में कतई नहीं हैं।
जहां पवन सिंह अपनी सफाई पेश करते हैं, वहीं ज्योति सिंह उन पर नए आरोप लगा देती हैं। इन आरोपों का सिलसिला खत्म होता नहीं दिख रहा है। ज्योति सिंह ने पुलिस पर भी पक्षपात करने का आरोप लगाया है और इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ की मदद मांगी है। आने वाले दिनों में देखना होगा कि ये मामला क्या मोड़ लेता है और पवन सिंह के राजनीतिक करियर का भविष्य क्या रहेगा?
