इलेक्शन

जानिए कैसे मिलता है राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा? आम आदमी पार्टी ने किस आधार पर पेश किया दावा

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 8, 2022, 10:53 PM IST

What is criteria for become National party in india: भारत में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा पाने के लिए कौन सी हैं शर्तें और मापदंड? गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजे आने के बाद आम आदमी पार्टी ने किस आधार पर पेश किया है राष्ट्रीय पार्टी बनने का दावा?

Image

अरविंद केजरीवाल

Photo : PTI

नई दिल्ली: गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के परिणाम आते ही भाजपा के दफ्तरों में ढोल नगाड़े बजने लगे। लेकिन 182 सीटों वाले सदन में 13 प्रतिशत वोट के साथ 5 सीट जीतने के बावजूद अरविंद केजरीवाल गुजरात में अपनी पार्टी के प्रदर्शन पर खुशी जताते नजर आए। आम आदमी पार्टी गुजरात में पहली बार ताल ठोकते हुए खाता खोलने में सफल हुई। इसके साथ ही उसने राष्ट्रीय पार्टी बनने की अनिवार्य आर्हता भी पूरा कर ली। आम आदमी पार्टी को गुजरात में समर्थन देकर उसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने गुजरात की जनता को धन्यवाद दिया। आइए जानते हैं कैसे ये चमत्कार हुआ और आम आदमी पार्टी अपने दस साल के सियासी सफर में तेजी से कैसे राष्ट्रीय पार्टी बन गई।

कौन सी पार्टी बन सकती है राष्ट्रीय पार्टी

किसी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा देने के लिए कुछ शर्तें और मापदंड है। अगर कोई भी पार्टी इन मापदंडों पर खरा उतरती है तो भारत का निर्वाचन आयोग उस पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा देता है। राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा पाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा तय की गई शर्तों में से कम से कम एक को पूरा करना अनिवार्य होता है। आईए जानते हैं वो शर्तें कौन सी हैं?
  1. अगर किसी दल को देश के कम से कम चार राज्यों में क्षेत्रीय दल का दर्जा प्राप्त है तो उसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलता है।
  2. अगर कोई दल तीन राज्यों में कुल मिलाकर लोकसभा चुनाव की तीन प्रतिशत सीट हासिल करता है तो उसे राष्ट्रीय दल का दर्जा मिल जाता है।
  3. अगर कोई पार्टी लोकसभा में चार सीट जीतने के अलावा लोकसभा या विधानसभा चुनाव में चार राज्यों में 6 प्रतिशत वोट हासिल करने में सफल होती है तो उसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलता है।

आप पूरी नहीं करती है लोक सभा वाली शर्त

आम आदमी पार्टी की वर्तमान में दिल्ली और पंजाब में सरकार है। लोकसभा में आम आदमी पार्टी के पास वर्तमान में लोकसभा में एक भी सीट नहीं है। पंजाब के मुख्यमंत्री निर्वाचित हुए भगवंत मान पंजाब के संगरूर संसदीय क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए थे। वो सीट उन्होंने मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली कर दी थी। उस सीट पर हुए उपचुनाव में अकाली दल के उम्मीदवार सिमरनजीत सिंह मान ने जीत हासिल की थी। ऐसे में वो लोकसभा वाली शर्तों को पूरा नहीं करती है।

चार राज्यों में हो जाएगा क्षेत्रीय दल का दर्जालेकिन चार राज्यों में क्षेत्रीय दल का दर्जा हासिल करने वाली शर्त गुजरात में 13 प्रतिशत वोट और पांच सीट जीतने के बाद आम आदमी पार्टी ने पूरी कर ली है। दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। गोवा में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 6.8 फीसद वोट मिले थे और वो 2 सीट जीतने में सफल हुई थी। ऐसे में दिल्ली, पंजाब, गोवा और गुजरात सहित चार राज्यों में क्षेत्रीय दल के रूप में मान्यता मिलने के बाद आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बनने की शर्त पूरी कर चुकी है। अब चुनाव आयोग द्वारा आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय दल के रूप में आधिकारिक रूप से मान्यता दिए जाने का ऐलान बाकी है।

किन पार्टियों के पास है राष्ट्रीय पार्टी का दर्जाभारत के चुनाव आयोग ने वर्तमान में आठ पार्टियों को राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता दी है। वर्तमान में भाजपा, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, सीपीआई(एम), सीपीआई, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, बहुजन समाज पार्टी(बीएसपी) और कोनराड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी(एनपीपी) सहित कुल आठ दलों को राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता मिली है। एनपीपी साल 2019 में राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता पाने वाली आखिरी पार्टी थी। गुजरात चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय दल का दर्जा पाने वाली नौवीं पार्टी बनेगी।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article