इलेक्शन

पश्चिम बंगाल चुनाव : ममता के गढ़ में BJP का शक्ति प्रदर्शन, गृह मंत्री शाह-नितिन नबीन का अहम दौरा; असम से दिया बड़ा संदेश

West Bengal Assembly Elections 2026 : 8अप्रैल के बंगाल दौरे से पहले गृह मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ’परिवर्तन’ तय है। जैसे ही भाजपा राज्य में सत्ता में आएगी, असम, त्रिपुरा और बंगाल से सभी घुसपैठियों को उनके देश वापस भेज दिया जाएगा।

Image

बंगाल दौरे पर रहेंगे गृह मंत्री अमित शाह (फोटो-@AmitShah)

West Bengal Assembly Elections 2026 : पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनावों के बीच गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 8 अप्रैल यानी बुधवार को राज्य के दौरे पर रहेंगे। दोनों ही शीर्ष नेता रैलियों में भाग लेंगे और जनता को संबोधित कर पार्टी के लिए वोट की अपील करेंगे। उधर, असम में चुनाव प्रचार थमने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में ’परिवर्तन’ निश्चित है और इस राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आते ही सभी घुसपैठियों को उनके देश वापस भेज दिया जाएगा।

शाह ने असम की बराक घाटी में पाथरकांडी, श्रीभूमि और हैलाकांडी में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने इस क्षेत्र में अवैध प्रवासियों को शरण दी, जिससे उन्होंने श्रीभूमि और कछार जिलों में अपना ’’दबदबा’’ बना लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) का विरोध इसलिए करती है, क्योंकि उसे पता है कि यह कानून सुनिश्चित करेगा कि राज्य में कोई घुसपैठिया न रहे।

उन्होंने आरोप लगाया, ’’बांग्लादेश से सताए गए हिंदू इस कानून के दायरे में आते हैं...कांग्रेस इसका विरोध करती है, लेकिन पार्टी मुस्लिम घुसपैठियों के स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाती है। शाह ने कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है और देश में ’’घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है’। गृह मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ’परिवर्तन’ तय है। जैसे ही भाजपा राज्य में सत्ता में आएगी, असम, त्रिपुरा और बंगाल से सभी घुसपैठियों को उनके देश वापस भेज दिया जाएगा।’’

9 अप्रैल को बंगाल दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी

वहीं, प्रधानमंत्री मोदी भी तय कार्यक्रम के मुताबिक, 9 अप्रैल को वह पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल, बीरभूम जिले के सूरी और पूर्वी मिदनापुर जिले के हल्दिया में एक के बाद एक तीन बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित कर सकते हैं। राज्य समिति के सदस्य ने बताया कि 11 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी तीन चुनावी रैलियों मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर, पूर्वी बर्दवान जिले के कटवा और दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट में संबोधित करने वाले हैं। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 11 अप्रैल को दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में रात बिताएंगे। अगले दिन, यानी 12 अप्रैल को वह सिलीगुड़ी शहर में एक रोड शो में हिस्सा लेने वाले हैं।"

इस महीने की शुरुआत में 5 अप्रैल को, प्रधानमंत्री ने राज्य में अपना चुनावी अभियान शुरू किया था, जिसमें उन्होंने कूच बिहार जिले के कूच बिहार शहर में एक बड़ी रैली को संबोधित किया था। राज्य समिति के सदस्य ने कहा कि योजना के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी कुल 14 चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले हैं, जिनमें उनकी रैलियां और रोड शो शामिल हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article