इलेक्शन

UP Nikay Chunav: सीएम योगी ने पहले दौर का मैराथन कैंपेन निपटाया, माफिया को दिया सख्त संदेश

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 3, 2023, 11:07 AM IST

उत्तर प्रदेश के सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के हर वर्ग में लोगों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और विपक्षी दलों द्वारा की जा रही तुष्टिकरण की विभाजनकारी राजनीति में विश्वास नहीं करती है।

Image

सीएम योगी

Photo : PTI

UP Nikay Chunav: उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के लिए पहले दौर का प्रचार थम चुका है। भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। खास तौर पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धुआंधार प्रचार किया। नगर निकाय चुनाव के पहले दौर का अभियान मंगलवार को प्रयागराज, झांसी और लखनऊ में जनसभाओं के साथ थम गया। मुख्यमंत्री ने एक तरफ जहां माफियाओं और अपराधियों को कड़ा संदेश दिया, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने प्रदेश के विकास की भी बात कही।

माफिया को संदेश- जैसा बोओगे, वैसा काटोगे

गैंगस्टर अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद प्रयागराज की अपनी पहली यात्रा पर सीएम योगी ने रामचरितमानस के एक दोहे को उद्धृत किया और कहा, कर्म प्रधान विश्व रची राखा/जो जस करिहे सो तस फल चाखा। आप जैसा बोओगे, वैसा काटोगे। झांसी में रहते हुए उन्होंने कहा कि वह राज्य में किसी अपराधी को खुलेआम नहीं घूमने देंगे। उन्होंने लोगों से लखनऊ में भाजपा उम्मीदवारों को वोट देने की भी अपील की।

बीजेपी के मेयर पद के उम्मीदवार उमेश चंद्र गणेश केशरवानी के लिए वोट मांगते हुए योगी ने कहा कि प्रयागराज की धरती अत्याचार बर्दाश्त नहीं करती है। प्रकृति अन्याय करने वालों के साथ न्याय करती है। सीएम योगी ने रामचरितमानस का हवाला देते हुए कहा, कर्म प्रधान विश्व रची राखा/जो जस करिहे सो तस फल चाखा।

सीएम ने कहा- तुष्टिकरण की राजनीति में विश्वास नहीं

उत्तर प्रदेश के सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के हर वर्ग में लोगों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और विपक्षी दलों द्वारा की जा रही तुष्टिकरण की विभाजनकारी राजनीति में विश्वास नहीं करती है। उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास के मूल सिद्धांत के साथ आगे बढ़ रही है। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि विपक्षी दलों ने तुष्टिकरण की राजनीति की, जिसमें साफ तौर पर भेदभाव शामिल था और समाज में विभाजन पैदा हुआ, लेकिन हमने सभी के विकास के लिए काम किया।

उन्होंने कहा कि आज यूपी पीएम मोदी के मार्गदर्शन में वंशवाद और जातिवादी मानसिकता को त्याग कर राष्ट्रवादी सोच के साथ आगे बढ़कर नई ऊंचाईयों को छू रहा है। झांसी में मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास की उपेक्षा करने और प्राकृतिक संसाधनों को लूटने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी सरकार में अब कोई ऐसा करने की हिम्मत नहीं करेगा।

बुंदेलखंड के संसाधनों को लूटा गया

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद बुंदेलखंड को विकास प्रक्रिया में भाग लेना था, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों ने कभी विकास के बारे में नहीं सोचा। इसके बजाय उनके गुर्गों ने बुंदेलखंड के संसाधनों को लूटने के बारे में दो बार नहीं सोचा। नतीजतन, बुंदेलखंड के लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा और युवा बेरोजगार हो गए। मोदी जी ने विकास का विजन दिया है। पीएम मोदी ने इस क्षेत्र में भारत डायनेमिक्स और डिफेंस कॉरिडोर के एक विशाल संयंत्र का उद्घाटन किया, जो हजारों युवाओं को रोजगार देगा।

बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की सौगात

योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र के लिए अपनी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुंदेलखंड की लाइफ लाइन बन चुके बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया और जल्द ही सरकार इसका झांसी लिंक शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि हमने झांसी बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के गठन के लिए 6,000 करोड़ रुपये की घोषणा की है। अब बुंदेलखंड के युवाओं को दूसरे शहरों में पलायन करने की जरूरत नहीं होगी क्योंकि उन्हें यहीं रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के सबसे सूखे क्षेत्रों में से एक बुंदेलखंड के सात जिलों में जल्द ही हर घर नल योजना के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। लखनऊ में मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 मई को होने वाले नगरपालिका चुनावों के पहले चरण में भाजपा विजयी होने के लिए तैयार है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article