एजुकेशन

Allahabad High Court का फैसला, PhD एडमिशन के लिए UGC NET की जगह नहीं चलेगा JEST

हाई कोर्ट ने साफ किया है कि अगर कोई विश्वविद्यालय पीएचडी में एडमिशन के लिए UGC NET को जरूरी योग्यता मानता है, तो उसे Joint Entrance Screening Test (JEST) का स्कोर स्वीकार करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।

Image

Allahabad High Court का फैसला, PhD एडमिशन के लिए UGC NET की जगह नहीं चलेगा JEST

पीएचडी में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट का एक अहम फैसला सामने आया है। कोर्ट ने साफ किया है कि अगर कोई विश्वविद्यालय पीएचडी में एडमिशन के लिए UGC NET को जरूरी योग्यता मानता है, तो उसे Joint Entrance Screening Test (JEST) का स्कोर स्वीकार करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। हर विश्वविद्यालय अपने तय एडमिशन नियमों के आधार पर उम्मीदवारों की पात्रता निर्धारित कर सकता है।

यह मामला लखनऊ की डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में फिजिक्स विषय के पीएचडी एडमिशन से जुड़ा है। एक याचिकाकर्ता ने उस्मानिया विश्वविद्यालय से एस्ट्रोनॉमी में MSc किया है। उनका कहना था कि JEST स्कोर होने के बावजूद विश्वविद्यालय ने उन्हें शैक्षणिक सत्र 2025-26 में पीएचडी इंटरव्यू के लिए नहीं बुलाया, क्योंकि उनके पास UGC NET स्कोर नहीं था।

उन्होंने कोर्ट से मांग की थी कि विश्वविद्यालय को उन्हें इंटरव्यू में शामिल करने का निर्देश दिया जाए। साथ ही उन्होंने कम से कम एक लाख रुपये के मुआवजे और कानूनी खर्च की मांग भी की।

विश्वविद्यालय ने क्या दलील दी?

विश्वविद्यालय ने कोर्ट को बताया कि 26 अक्टूबर 2024 को लिए गए फैसले के तहत पीएचडी एडमिशन के लिए UGC NET को पात्रता की शर्त बनाया गया था। यह नियम 2025-26 के प्रॉस्पेक्टस में भी शामिल था। विश्वविद्यालय के मुताबिक, उसकी एडमिशन प्रक्रिया में JEST को मान्य परीक्षा के तौर पर शामिल नहीं किया गया था।

कोर्ट ने क्या कहा?

कोर्ट में याचिका खारिज कर दी गई। कोर्ट ने कहा कि JEST राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा जरूर है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर विश्वविद्यालय उसे पीएचडी एडमिशन के लिए स्वीकार करे। जब विश्वविद्यालय ने अपनी पात्रता शर्तों में UGC NET को शामिल किया है, तो उम्मीदवार JEST को उसके विकल्प के तौर पर मानने की मांग नहीं कर सकता।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article