इलेक्शन

'पुडुचेरी में बड़े पैमाने पर नकली दवाओं का निर्माण, सभी ठेकों पर लिया जा रहा 30% कमीशन', राहुल का सरकार पर निशाना

Rahul Gandhi in Puducherry: राहुल ने आरोप लगाया, आज पुडुचेरी नकली दवाओं में सबसे आगे है; यहां बड़े पैमाने पर नकली दवाओं का निर्माण होता है और सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।

Image

पुडुचेरी में राहुल गांधी

Photo : ANI

Rahul Gandhi in Puducherry: कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कथित नकली दवा निर्माण को लेकर सत्तारूढ़ एआईएनआरसी-भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और दावा किया कि यह सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं बल्कि एक हत्या है, क्योंकि नकली दवाएं पूरे देश में बांटी जा रही हैं। 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पुडुचेरी के लास्पेट में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य का दर्जा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और आश्वासन दिया कि सत्ता में आने के छह महीने के भीतर पुडुचेरी में नगर निगम चुनाव कराए जाएंगे।

बड़े पैमाने पर नकली दवाओं के निर्माण का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया, आज पुडुचेरी नकली दवाओं में सबसे आगे है; यहां बड़े पैमाने पर नकली दवाओं का निर्माण होता है और केंद्र शासित प्रदेश सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। नकली दवाओं का निर्माण सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं है, बल्कि यह हत्या है, क्योंकि नकली दवाएं पूरे देश में फैलाई जा रही हैं।

साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सभी को पता है कि केंद्र शासित प्रदेश में सभी ठेकों पर 30 प्रतिशत कमीशन लिया जा रहा है। जीवंत औद्योगिक और कपड़ा क्षेत्र पतन की ओर अग्रसर हैं और सैकड़ों कारखाने बंद हो चुके हैं।

फिर निशाने पर अडानी

गौतम अडानी को निशाने पर लेते हुए राहुल ने कहा, भाजपा चाहती है कि पुडुचेरी अडानी के स्वामित्व में रहे। रणनीतिक कराईकल बंदरगाह पहले ही उन्हें बेचा जा चुका है। साथ ही कहा, सब जानते हैं कि सभी ठेकों पर 30% कमीशन लिया जाता है। यहां की सरकार वसूली एजेंट बन गई है।

बेरोजगार युवाओं को 2000 रुपये प्रति माह देने का वादा

राहुल ने कहा, कांग्रेस गठबंधन सरकार पुडुचेरी के लिए क्या करने जा रही है? हम बेरोजगार युवाओं को 2000 रुपये प्रति माह की सहायता देंगे, सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों में 30,000 नए रोजगार सृजित करेंगे, और महिलाएं पुडुचेरी की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। हम सरकारी नौकरियों में प्रवेश की आयु 40 वर्ष तक आसान करने जा रहे हैं। पुडुचेरी के हर परिवार को 20 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाएगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article