इलेक्शन

राहुल गांधी ने किसे बताया 'भाजपा रिश्तेदार समिति'? तेलंगाना को तबाह करने का लगाया आरोप

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 14, 2023, 03:41 PM IST

Telangana Assembly Election 2023: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि 'भाजपा रिश्तेदार समिति' और भाजपा ने मिलकर तेलंगाना को तबाह किया। युवा आज बेरोजगारी के कारण पूरी तरह से टूट चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार ‘जॉब कैलेंडर’ जारी करेगी।

Image

बीआरएस और भाजपा ने मिलकर तेलंगाना को तबाह किया- राहुल गांधी।

Photo : PTI

Telangana Chunav: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने तेलंगाना में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली एक युवती की कथित आत्महत्या की घटना को लेकर शनिवार को प्रदेश की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार पर तीखा प्रहार किया और आरोप लगाया कि ‘भाजपा रिश्तेदार समिति’ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मिलकर राज्य को तबाह कर दिया है।

राहुल गांधी ने भाजपा और बीआरएस पर किया कटाक्ष

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 23 वर्षीय युवती ने हैदराबाद के अशोक नगर स्थित अपने छात्रावास के कमरे में कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने इलाके में प्रदर्शन किया। राहुल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'कल हैदराबाद में एक छात्रा की आत्महत्या का समाचार अत्यंत दुखद है। यह आत्महत्या नहीं, हत्या है-युवाओं के सपनों की, उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं की।'

उन्होंने आरोप लगाया, 'तेलंगाना के युवा आज बेरोजगारी के कारण पूरी तरह से टूट चुके हैं। पिछले 10 वर्षों में भाजपा रिश्तेदार समिति (बीआरएस) और भाजपा ने मिलकर अपनी अक्षमता से राज्य को तबाह कर दिया है।' राहुल ने कहा, 'तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार ‘जॉब कैलेंडर’ जारी करेगी, एक महीने में यूपीएससी (संघ लोक सेवा आयोग) की तर्ज पर टीएसपीएससी (तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग) का पुनर्गठन करेगी और एक साल के भीतर दो लाख खाली सरकारी पदों को भरेगी। यह गारंटी है।'

23 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या पर बोले कांग्रेस अध्यक्ष

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'तेलंगाना में 23 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या से स्तब्ध और दुखी हूं। इस छात्रा ने कथित तौर पर राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं में बार-बार स्थगन और अनियमितताओं के कारण अपना जीवन समाप्त करने के लिए कठोर कदम उठाया। दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं।'

उन्होंने कहा, 'परीक्षा आयोजित करने में बीआरएस सरकार की उदासीनता के कारण तेलंगाना में हजारों युवा अभ्यर्थी निराश और क्रोधित हैं। तेलंगाना के युवा भ्रष्ट, अयोग्य और अक्षम बीआरएस सरकार को जवाबदेह ठहरा रहे हैं और इसे राज्य की सत्ता से बाहर कर देंगे।' तेलंगाना में 30 नवंबर को सभी 119 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article