इलेक्शन

Mizoram Chunav: कांग्रेस ने मिजोरम के लिए बनाया खास प्लान, इन नेताओं के कंधे पर 'जिम्मा'

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 25, 2023, 04:12 PM IST

Mizoram Chunav: कांग्रेस ने मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए खास प्लान तैयार किया है। सात नवंबर को होने वाली वोटिंग से पहले कांग्रेस ने अपने दिग्गजों को चुनावी मैदान में उतार सकती है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और शशि थरूर मिजोरम में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे।

Image

मिजोरम में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे प्रियंका, जयराम और थरूर ।

Mizoram Assembly Election 2023: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है, इस बीच मिजोरम के लिए कांग्रेस ने चुनावी प्लान तैयार किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाड्रा और शशि थरूर मिजोरम में सात नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार अभियान में शिरकत करने के लिए राज्य का दौरा कर सकते हैं। पार्टी के एक नेता ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कांग्रेस ने मिजोरम चुनाव के लिए बनाया ये प्लान

मिजोरम कांग्रेस के मीडिया प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लालरेमरूता रेंथली ने बताया कि प्रियंका गांधी और शशि थरूर के तीन और चार नवंबर को पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार के वास्ते मिजोरम आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रियंका राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में भाषाई अल्पसंख्यक क्षेत्रों में प्रचार कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि रमेश के बृहस्पतिवार को आइजोल पहुंचने की उम्मीद है। रेंथली ने कहा कि रमेश पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे, एक संवाददाता सम्मेलन को तथा सार्वजनिक सभाओं को भी संबोधित करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 16 और 17 अक्टूबर को मिजोरम की अपनी यात्रा के दौरान आइजोल और दक्षिण मिजोरम के लुंगलेई शहर में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया था।

क्या पीएम मोदी और जेपी नड्डा भी करेंगे दौरा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रमुख जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित शीर्ष पार्टी नेताओं के भी मिजोरम का दौरा करने की संभावना है। भाजपा सूत्रों ने कहा कि मोदी के 30 अक्टूबर को पश्चिम मिजोरम के मामित शहर का दौरा करने और पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने की संभावना है। हाल ही में मिजोरम विधानसभा के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने और मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले लालरिनलियाना सेलो मामित सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

मिजोरम के चुनावी मैदान में 174 उम्मीदवार

40-सदस्यीय मिजोरम विधानसभा के लिए चुनाव सात नवंबर को होंगे और वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी। सोलह महिलाओं सहित कुल 174 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सत्तारूढ़ एमएनएफ, मुख्य विपक्षी दल जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस ने सभी 40 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनावों में 39 सीटों पर चुनाव लड़ चुकी भाजपा इस बार 23 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और आम आदमी पार्टी (आप) ने मिजोरम में अपने चुनावी पदार्पण के तौर पर चार उम्मीदवार उतारे हैं। राज्य में 4,38,925 महिला मतदाताओं सहित कुल 8,56,868 मतदाता आगामी विधानसभा चुनावों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं।

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article