Kerala Assembly Election 2026: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में एक रोडशो का नेतृत्व किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान को तेज कर दिया है। तिरुवल्ला में एक जनसभा के बाद, मोदी शाम को राज्य की राजधानी पहुंचे और यहां किल्लीपलम से 1.5 किलोमीटर लंबा रोडशो शुरू किया।
रोडशो में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और उत्साही समर्थक शामिल हुए और उन्होंने झंडे लहराते हुए तथा नारे लगाते हुए प्रधानमंत्री की एक झलक पाने की कोशिश की। राजीव चंद्रशेखर और आर श्रीलेखा समेत भाजपा के उम्मीदवार भी रोडशो में शामिल हुए। भाजपा के राज्य नेतृत्व को उम्मीद है कि मोदी के जोरदार प्रचार अभियान से उन्हें राज्य में जमीनी स्तर पर मजबूत पैठ बनाने और आगामी चुनावों में अच्छी खासी सीट पर जीत दर्ज करने में मदद मिलेगी।
LDF सरकार पर बरसे PM मोदी
इससे पहले, पीएम मोदी ने पथनमथिट्टा जिले में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की रैली को संबोधित करते हुए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एलडीएफ सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और केरल में राजग सत्ता में आएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एलडीएफ सरकार की विदाई करने के लिए काफी उत्साह दिखाया है।
पीएम मोदी ने कहा कि अगर भाजपा राज्य की सत्ता में आती है, तो वह केरल में विकास सुनिश्चित करेगी, जैसा कि उसने गोवा और पूर्वोत्तर के सात राज्यों में से छह में किया है, जहां वह सत्ता में है और वहां ईसाई आबादी काफी अधिक है। उन्होंने कहा कि केरल में अपार संभावनाएं हैं, फिर भी विकास की दौड़ में यह अन्य राज्यों से पीछे है। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की स्थिति खराब है, क्योंकि एलडीएफ और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
