इलेक्शन

'लालटेन की धीमी रोशनी में अब कोई अपराध नहीं कर पाएगा', मोतिहारी में महागठबंधन पर जमकर बरसे CM योगी

यहां चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 'बिहार के लोगों ने यह तय कर लिया है कि लालटेन की धीमी रोशनी में अब कोई भी अपराध नहीं कर पाएगा।' बिहार में दूसरे चरण के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा और चुनाव नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। राज्य में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है।

Image

बिहार के मोतिहारी में चुनावी रैली को संबोधित करते सीएम योगी। तस्वीर-ANI

Photo : ANI

CM Yogi rally in Motihari: बिहार में दूसरे चरण के चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। नेता ताबड़तोड़ रैलियां और अपने विरोधियों पर जमकर जुबानी हमले कर रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पूर्वी चंपारण के जिले मोतिहारी में चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 'बिहार के लोगों ने यह तय कर लिया है कि लालटेन की धीमी रोशनी में अब कोई भी अपराध नहीं कर पाएगा।' बिहार में दूसरे चरण के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा और चुनाव नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। राज्य में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है।

पहले चरण की वोटिंग से स्पष्ट है सरकार NDA की बनेगी-योगी

सीएम योगी ने कहा कि इस बार चुनाव में एनडीए की जात होगी क्योंकि यह राज्य सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 'एलईडी की रोशनी में चमक रहा है।' उन्होंने कहा कि बिहार में पहले चरण का चुनाव छह नवंबर को हुआ और इस चरण में लोगों ने बिहार में एनडीए की सरकार बनने का रास्ता साफ कर दिया है। अब यहां लालटेन की धीमी रोशनी में कोई भी अपराध करने का साहस नहीं करेगा।' सीएम ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है। इस राज्य ने दुनिया को नालंदा विश्वविद्यालय दिया लेकिन आज शिक्षा में पिछड़ गया। इसके लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस दोनों समान रूप से जिम्मेदार हैं।

सीतामढ़ी में PM मोदी ने की चुनावी रैली

सीतामढ़ी में पीएम मोदी ने पहले चरण में हुए रिकॉर्ड मतदान का जिक्र करते हुए कहा कि इस चरण में बिहार ने कमाल कर दिया है। पहले चरण में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा है। चारों तरफ ये चर्चा है कि बिहार के नौजवानों ने विकास को चुना है, NDA को चुना है। बिहार की बहनों-बेटियों ने भी NDA की रिकॉर्ड विजय पक्की कर दी है। पीएम मोदी ने कहा कि RJD वाले बिहार के बच्चों के लिए क्या करना चाहते हैं, ये इनके नेताओं के चुनाव प्रचार में साफ-साफ दिखता है। आप जरा इन जंगलराज वालों के गाने और इनके नारे सुन लीजिए। आप कांप जाएंगे कि ये क्या सोचते हैं, क्या बोलते हैं। RJD के मंचों पर मासूम बच्चों से कहलवाया जा रहा है कि उन्हें रंगदार बनना है।

पांच पांडवों की तरह है NDA-शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बनमनखी में रैली की। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा है कि एनडीए पांच पांडवों की तरह है। उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में 160 से ज्यादा सीटों के साथ एनडीए की सरकार बनने वाली है। गृह मंत्री ने कहा कि आधे बिहार ने वोट डाल दिए हैं। पहले चरण के चुनाव में लालू यादव और राहुल गांधी की पार्टी का सूपड़ा साफ हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार बहुत आगे बढ़कर एक विकसित राज्य बनने जा रहा है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article