इलेक्शन

केरलम में LDF का काउंटडाउन शुरू; पीएम मोदी बोले-बदल गया है हवा का रुख, बनेगी NDA सरकार

Kerala Assembly Elections 2026: केरल विधानसभा चुनाव में वोटरों को अपने पाले में लामबंद करने के लिए पीएम मोदी ने आज केरल के तिरुवल्ला और पथनमथिट्टा में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि केरलम में अब सबसे बड़ा परिवर्तन होने जा रहा है। 9 अप्रैल को वोटिंग और 4 मई को दशकों के कुशासन के अंत की घोषणा होगी।

Image

पीएम मोदी ने केरल में की जनसभा।

Kerala Assembly Elections 2026: केरलम विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। वोटरों को अपने पक्ष में लामबंद करने के लिए अलग-अलग दलों के राजनेता एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं, इस बीच पीएम मोदी भी आज केरलम के दौरे पर हैं। उन्होंने यहां के तिरुवल्ला और पथनमथिट्टा में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि LDF सरकार के जाने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। केरलम में पहली बार भाजपा-NDA की सरकार आने वाली है।

अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'मैं पहले भी यहां आया हूं लेकिन इस बार हवा का रुख कुछ और है। केरलम में अब सबसे बड़ा परिवर्तन होने जा रहा है। 9 अप्रैल को वोटिंग और 4 मई को दशकों के कुशासन के अंत की घोषणा होगी। यह पक्का हो चुका है कि LDF सरकार के जाने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। केरलम में पहली बार भाजपा-NDA की सरकार आने वाली है।'

‘मेरा नुकसान, लेकिन केरलम का फायदा’

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी उम्मीदवार अनूप का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अनूप पिछले पांच सालों से उनके साथ काम करते रहे हैं और देशभर में घूमकर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाते रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि मेरे लिए वह डेडिकेटेड साथी रहे हैं। मेरा निजी नुकसान है कि वे चुनाव लड़ने के लिए जा रहे हैं, लेकिन मैंने कहा कि जब केरल को इस नौजवान की सेवाओं का लाभ मिलेगा, तो मेरा नुकसान भी मंजूर है। मैं आज अनूप को आपको सौंप रहा हूं।

जनता का जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केरल की जनता का समर्थन पहले से कहीं अधिक मजबूत दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि मैं इस जनसमर्थन के लिए तिरुवल्ला की जनता का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। पीएम मोदी ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में उनकी केरल बीजेपी कार्यकर्ताओं से फोन पर लंबी चर्चा हुई। 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम में केरल के इतने छोटे से राज्य में 5,000 से अधिक शक्ति केंद्रों से 1 लाख 25 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता जुड़े थे। 30-40 मिनट की बातचीत में मैंने महसूस किया कि केरल की जनता ने इस चुनाव में एलडीएफ से मुक्ति का मन बना लिया है। मोदी ने मेहनत कर रहे सभी बीजेपी-एनडीए कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि वे राज्य में परिवर्तन लाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

'तिरुवल्ला ने ह्यूमन वॉल बनाकर दिखा दिया'

प्रधानमंत्री ने जनसभा स्थल तक पहुंचने के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक आते समय जिस तरह बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे खड़े थे, वह उनके लिए 'बड़ा सरप्राइज' था।

रोड शो का कार्यक्रम तय नहीं था, लेकिन पूरे रास्ते लोगों की भारी भीड़ खड़ी थी। लेफ्ट वाले ह्यूमन चेन की बात करते हैं, आज तिरुवल्ला ने ह्यूमन वॉल बनाकर दिखा दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे केरलम को ईश्वर ने अपार संभावनाएं और संसाधन दिए हैं, यहां समुद्र में ब्लू इकोनॉमी के अवसर हैं, पर्यटन के क्षेत्र में कितनी संभावनाएं हैं लेकिन फिर भी केरलम विकास की दौड़ में बाकी राज्यों से पीछे होते जा रहा है। यहां कई वर्षों से एक भी बड़ा पुल नहीं बना है। कोट्टायम में मेडिकल कॉलेज की हालत इतनी खराब है कि उसका वर्णन करना मुश्किल है। जहां बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर की ऐसी कमी हो वहां आपकी क्वालिटी ऑफ लाइफ कैसी होगी? इसका अंदाजा हर कोई लगा सकता है।

केरलम में भी NDA की सरकार बनेगी तो....

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर में ईसाई समाज की संख्या बहुत है, एक राज्य को छोड़कर पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में NDA की सरकार है और वहां पिछले 50-60 सालों में जो काम नहीं हुआ है वह हमने करके दिखाया है। गोवा में ईसाई समाज निर्णायक है, वहां लगातार भाजपा-NDA की सरकार है। वह विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है। केरलम में भी NDA की सरकार बनेगी तो केरलम विकास की नई ऊंचाइयों को पाएगा। स्थानीय किसानों और फिशरमैन की हर समस्या का हम समाधान करेंगे।

केंद्र सरकार के कामों को गिनाया

पीएम मोदी ने केंद्र की एनडीए सरकार के कामों को गिनाते हुए रहा कि केंद्र सरकार ही केरलम में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं पर जोर दे रही है। हम यहां नेशनल हाईवेज बनाने को गति दे रहे हैं। रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास किया गया है। यहां रेलवे लाइनों की डबलिंग का काम भी पूरा हो गया है। कोट्टायम से आप हाई स्पीड आधुनिक वंदे भारत ट्रेन भी चलाई जा रही है।

बताईं मोदी की गारंटी

इससे स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी। नौजवानों के लिए रोजगार के नए-नए रास्ते खुलेंगे। लेकिन साथियों आपको यह बात हमेशा याद रखनी है। यहां प्रदेश सरकार ने इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की जगह उसको लटकाए रखा। तिरुवल्ला को इसका बहुत बड़ा नुकसान हो रहा है। जब बीजेपी की डबल इंजन सरकार आएगी, तो ऐसी सभी रुकावटें हटेगी। और ये मोदी की गारंटी है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article