Bihar Elections 2025: बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच जदयू सांसद संजय झा ने शुक्रवार को महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर चल रहे वाद-विवाद पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि चुनाव के आखिरी दिन भी वे फैसला नहीं कर पाएंगे, क्योंकि उनका एजेंडा बिहार के कल्याण के लिए काम करना बिल्कुल नहीं है।
संजय झा ने क्या कुछ कहा?
जदयू सांसद ने बताया कि राजग ने अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया और अन्य नेता भी आज से अपने अभियान शुरू कर रहे हैं। पटना में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए जदयू सांसद संजय झा ने कहा, "आज नामांकन का आखिरी दिन है। राजग ने एकजुट होकर अपनी संख्या की घोषणा कर दी... अन्य नेताओं के प्रचार कार्यक्रम भी आज से शुरू हो रहे हैं, लेकिन अगर विपक्ष की बात करें तो आखिरी दिन भी यह तय नहीं हो पाया है कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा।"
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता सब कुछ देख रही है और जो माहौल बन रहा है वह राजग के पक्ष में भारी जीत वाला है। संजय झा ने कहा, "बिहार की जनता सब देख रही है। कल के चुनाव प्रचार के बाद जो माहौल बन रहा है, वह राजग के पक्ष में भारी जीत है... हम भारी अंतर से चुनाव जीतेंगे..."
इस बीच, कांग्रेस ने आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए अपने 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें कुटुम्बा सीट से राज्य इकाई के प्रमुख राजेश राम और कदवा से कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान सहित अपने मौजूदा विधायकों को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने राजद सहित महागठबंधन के घटक दलों के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने से पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
नामांकन का आखिरी दिन आज
पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर है, जबकि दूसरे चरण के लिए 20 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, महागठबंधन के सूत्रों के मुताबिक, राजद ने कांग्रेस की 61 सीटों की मांग पर सहमति जता दी है और कुछ प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों को लेकर बातचीत जारी है जिन पर कांग्रेस जोर दे रही है।
