Mokama Murder Case: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा में जन सुराज पार्टी नेता दुलारचंद यादव की हत्या से हड़कंप मच गया। विपक्षी दल दुलारचंद हत्याकांड को लेकर सरकार पर हमलावर है तो वहीं चुनाव आयोग ने पुलिस महानिदेशक से रिपोर्ट तलब की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा हत्याकांड के संबंध में पुलिस महानिदेशक (DGP) से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
मोकामा में जन सुराज पार्टी नेता की गुरुवार को हत्या हुई। इस मामले में अब तक तीन एफआईआर दर्ज हुई हैं जिसमें से एक एफआईआर में जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह समेत पांच को आरोपी बनाया गया है। हालांकि, अनंत सिंह ने भी एक एफआईआर दर्ज कराई है।
हत्या मामले में 3 एफआईआर दर्ज
इससे पहले, पटना (ग्रामीण) के एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या के सिलसिले में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। अनंत सिंह को आरोपी बनाया गया है और अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मृतक दुलारचंद यादव के पोते द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर पांच लोगों को नामजद किया गया है, जबकि दूसरी प्राथमिकी में छह आरोपी बनाए गए हैं। हमारी तरफ से भी एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
तेजस्वी यादव ने EC पर उठाए सवाल
महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार और राजद नेता तेजस्वी यादव ने मोकामा में हुई हिंसा को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए। राजद नेता ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। हमें आश्चर्य है कि 40 गाड़ियों का काफिला हथियारों के साथ कैसे घूम सकता है? आयोग क्या कर रहा है? प्रशासन क्या कर रहा है? अब तक क्या कार्रवाई की गई है... गुंडों को कौन संरक्षण दे रहा है...
