इलेक्शन

मैनपुरी उपचुनाव में जीत के साथ डिंपल यादव के नाम दर्ज हुआ स्पेशल रिकॉर्ड

  • Authored by: नवीन चौहानResearch by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 8, 2022, 05:03 PM IST

डिंपल यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करके एक स्पेशल उपलब्धि अपने नाम कर ली है। डिंपल यादव ने भाजपा उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य को ढाई लाख मतों के अंतर से मात दी है।

Image

डिंपल यादव

नई दिल्ली: संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद रिक्त हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उप-चुनाव में समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर जीत का परचम लहरा दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी और दिवंगत मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव भाजपा उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य को 2,88,461 लाख मतों के अंतर से मात दी। डिंपल यादव को 617625 मत मिले वहीं रघुराज शाक्य को 329489 को मत हासिल हुए। तीसरे पायदान पर नोटा को 6121 वोट मिले।

मैनपुरी से निर्वाचित पहली महिला सांसद

इसके साथ ही डिंपल यादव मैनपुरी से निर्वाचित होने वाली पहली महिला सांसद बन गई हैं। इसके साथ ही 1996 के बाद से समाजवादी पार्टी का मैनपुरी सीट पर कब्जा बरकरार रहा। साल 1996 में मुलायम सिंह इस सीट पर निर्वाचित हुए थे। उसके बाद से सपा उम्मीदवार के रूप में मैनपुरी से लोकसभा सीट से बलराम सिंह यादव(1998 और 1999), मुलायम सिंह यादव (2004), धर्मेंद यादव(2004-उप चुनाव), मुलायम सिंह यादव(2009), मुलायम सिंह यादव (2014), तेज प्रताप यादव( 2014-उप-चुनाव), मुलायम सिंह यादव(2019), डिंपल यादव(2022-उप चुनाव) निर्वाचित हुए।

मैनपुरी से पांच बार सांसद बने थे मुलायम सिंह

मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से पांच बार सांसद निर्वाचित हुए थे। मुलायम सिंह ने साल 2004 और 2014 में मैनपुरी से विजय हासिल करने के बाद अपनी सीट छोड़ दी थी। उसके बाद वहां से 2004 में धर्मेंद यादव और 2014 में तेज प्रताप यादव सांसद निर्वाचित हुए थे। मैनपुरी को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद वहां से परिवार के किसी अहम सदस्य का विजयी होना जरूरी था। मैनपुरी में जीत के बाद शिवपाल यादव की पार्टी का भी समाजवादी पार्टी में विलय हो गया है। ये समाजवादी पार्टी के राजनीतिक भविष्य के लिहाज से भी अहम है।

तीसरी बार सांसद निर्वाचित हुईं डिंपल

डिंपल यादव के राजनीतिक करियर की शुरुआत साल 2009 में फिरोजाबाद लोकसभा सीट में हार के साथ हुई थी। कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा। लेकिन 2012 में साल कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में वो पति अखिलेश यादव की जगह जीत हासिल करने में सफल हुईं और पहली बार लोकसभा सांसद के रूप में निर्वाचित हुईं। साल 2014 में वो डिंपल कन्नौज में सपा का परचम लहराने में सफल हुईं। लेकिन साल 2019 में डिंपल यादव कन्नौज लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने में नाकाम रही थीं। उन्हें भाजपा उम्मीदवार सुब्रत पाठक ने 10 हजार से अधिक मतों से हराया था।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article