Congress Revised Candidate List : मध्य प्रदेश में टिकट बंटवारे के बाद कांग्रेस में मची कलह और बगावती तेवर के बाद पार्टी को बैकफुट पर आना पड़ा है। कांग्रेस ने चार सीटों पर अपने उम्मीदवार बदल दिए हैं। पार्टी ने सुमावली, पिपरिया, बडनगर और जावरा सीट पर उम्मीदवार बदल दिए हैं। पार्टी ने अब सुमावली सीट पर अजब सिंह कुशवाहा, पिपरिया सीट पर वीरेंद्र बेलवंशी, बडनगर सीट पर मुरली मोरवाल और जावरा सीट पर वीरेंद्र सिंह सोलंकी को उम्मीदवार बनाया है।
दो विधायकों को फिर मिला टिकट
पार्टी ने अपने दो विधायकों को फिर से टिकट दिया है। पहले इनका टिकट कट गया था। सुमावली से पहले कुलदीप सिकरवार, पिपरिया से गुरु चरण खरे, बडनगर से राजेंद्र सिंह सोलंकी और जावरा सीट से हिम्मत श्री माल को टिकट मिला था।
टिकट देकर बगावत रोकी
सूत्रों का कहना है कि टिकट कटन से नाराज ये नेता बगावत कर दूसरी पार्टियों एवं निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी में थे। बताया जा रहा है कि अजब सिंह बसपा से चुनाव लड़ने की तैयारी में थे जबकि विधायक मुरली मोरवाल निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुके थे। कांग्रेस नहीं चाहती कि बागी नेता उसकी जीत की संभावनाओं को कमजोर करें।
सात सीटों पर बदले प्रत्याशी
मध्य प्रदेश में टिकट बंटवारे के बाद कांग्रेस में कलह मची हुई है जिन्हें टिकट नहीं मिला है वे विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोध एवं हंगामे को देखते हुए कांगेस को अब तक सात सीटों पर अपने प्रत्याशी बदलने पड़े हैं।
